Breaking News

फतेहपुर में मिशन शक्ति का जागरूकता अभियान, महिलाओं को अधिकार और सुरक्षा कानूनों की दी जानकारी

फतेहपुर। मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत रविवार को जिलेभर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने गांवों और कस्बों में चौपाल व संवाद कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों, कानूनी प्रावधानों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

 

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने अभियान में भाग लिया। महिला पुलिसकर्मियों ने परित्यक्ता, विधवा, तलाकशुदा, निराश्रित और दहेज उत्पीड़न से पीड़ित महिलाओं के साथ संवाद किया। उन्हें किसी भी तरह के उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस और संबंधित विभाग से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

 

अभियान के दौरान महिलाओं को घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न और साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने वाली योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।

 

पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। आपात स्थिति में डायल 112, महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, जननी सुरक्षा 102, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एंबुलेंस सेवा 108 और साइबर हेल्पलाइन 1930 का उपयोग करने के बारे में बताया गया।

 

महिलाओं को सरकार की ओर से संचालित निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीमों ने फैमिली काउंसलिंग और निःशुल्क विधिक परामर्श की सुविधा के बारे में भी बताया।

 

जागरूकता कार्यक्रमों में नए आपराधिक कानूनों के तहत महिलाओं और पीड़ितों के अधिकारों पर भी चर्चा की गई। टीमों ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए), 2023 के महिला एवं पीड़ित-केंद्रित प्रावधानों की जानकारी दी।

 

पुलिस की ओर से महिलाओं और बालिकाओं को जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में रंगोली और चित्रकला से दिखी विकास की तस्वीर, खजुहा-अमौली में विधायक राजेंद्र पटेल ने किया आयोजन का अवलोकन

फतेहपुर। शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *