खागा, फतेहपुर। जिलाधिकारी की पहल पर जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में प्रार्थना सभा में एकरूपता लाने और उसे रोचक बनाने के उद्देश्य से ‘प्रार्थना से ज्ञानोदय’ कार्यक्रम का संचालन एक जुलाई से लगातार किया जा रहा है। इसके माध्यम से छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन विभिन्न विषयों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं।
राज्य शिक्षा संस्थान में प्रशिक्षण के दौरान आशीष त्रिवेदी और डॉ. अंबिका प्रसाद मिश्र ने संस्थान के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र प्रताप से मुलाकात कर कार्यक्रम की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि ‘प्रार्थना से ज्ञानोदय’ कार्यक्रम के तहत निर्धारित प्रार्थना, सुविचार, सामान्य ज्ञान, दिवस विशेष, आज का शब्द, फतेहपुर फैक्ट्स, आज का सवाल और समसामयिक निर्देशों पर आधारित जानकारी का पोस्टर प्रतिदिन जारी किया जाता है। इसी पोस्टर के आधार पर जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाता है।
कार्यक्रम की सराहना करते हुए संस्थान के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र प्रताप ने कहा कि इस तरह की पहल से विद्यालयों की प्रार्थना सभा अधिक रोचक बनती है और छात्र-छात्राओं के ज्ञान एवं सामान्य जानकारी में वृद्धि होती है।
इस अवसर पर डायट के पूर्व प्रवक्ता केपी सिंह भी उपस्थित रहे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रिंसी मौर्य के नेतृत्व तथा जिला समन्वयक अशोक त्रिपाठी एवं जनपद के एसआरजी राधेश्याम दीक्षित और जयचंद्र पांडेय के संयोजन में जुलाई माह से इस कार्यक्रम का सफल संचालन किया जा रहा है। इसे पूरे वर्ष नियमित रूप से जारी रखने की योजना है।
News Wani
