Breaking News

कानपुर में सरकारी डॉक्टर ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से की आत्महत्या, पत्नी ने कमरे में खून से लथपथ देखा

कानपुर। निराला नगर स्थित ब्लॉसम अपार्टमेंट में रविवार देर रात सरकारी डॉक्टर ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर पत्नी कमरे में पहुंची तो डॉक्टर जमीन पर गंभीर हालत में पड़े मिले। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 38 वर्षीय डॉ. संदीप सिंह के रूप में हुई है। वह कानपुर देहात में सरकारी चिकित्सक के पद पर तैनात थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया है।

रात करीब 2 बजे हुई घटना

परिजनों के मुताबिक घटना रविवार देर रात करीब 2 बजे की है। गोली चलने की आवाज सुनकर डॉ. संदीप की पत्नी कंचन कमरे में पहुंचीं। इसके बाद उन्होंने परिवार को घटना की जानकारी दी। परिजन डॉक्टर को इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

पुलिस के मुताबिक मौके से रिवॉल्वर बरामद कर लिया गया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब आत्महत्या के पीछे की वजहों की जांच कर रही है।

पत्नी और छह महीने के बेटे के साथ रहते थे

डॉ. संदीप अपने माता-पिता से अलग निराला नगर के अपार्टमेंट में पत्नी और छह महीने के बेटे के साथ रहते थे। उनके पिता राज बहादुर सिंह लाल बंगला क्षेत्र के परदेवनपुरवा में पत्नी और छोटे बेटे के साथ रहते हैं।

परिवार के अनुसार संदीप चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनके दो भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी है। एक भाई की बीमारी से जबकि दूसरे की सड़क हादसे में जान गई थी।

तीन साल पहले हुई थी दूसरी शादी

परिजनों ने बताया कि डॉ. संदीप की पहली शादी करीब चार साल पहले टूट गई थी। पहली पत्नी से उनकी पांच साल की बेटी है। इसके बाद करीब तीन साल पहले उन्होंने कासगंज निवासी कंचन से दूसरी शादी की थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था और उनके एक छह महीने का बेटा है।

परिवार का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होने लगे थे। परिजन दोनों को समझाकर मामला शांत करा देते थे। घटना से पहले भी दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि आत्महत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी के अनुसार पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। लाइसेंसी रिवॉल्वर को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है, ताकि घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

About NW-Editor

Check Also

कानपुर में स्कूल बस और डंपर की जोरदार भिड़ंत, महिला टीचर की मौत; कई छात्र-शिक्षक घायल

कानपुर। कानपुर-सागर हाईवे पर शुक्रवार सुबह स्कूल बस और मौरंग लदे डंपर की आमने-सामने टक्कर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *