Breaking News

कानपुर में तेज रफ्तार थार की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, न्याय की मांग को लेकर पोस्टमार्टम हाउस में धरने पर बैठा बेटा

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में तेज रफ्तार थार की चपेट में आने से स्कूटी सवार 67 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना में पिता को खोने के बाद आक्रोशित बेटा पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट होकर पोस्टमार्टम हाउस में धरने पर बैठ गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से थार सवार युवतियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

मृतक की पहचान पनकी स्वराज नगर निवासी संतोष सिंह चौहान के रूप में हुई है। वह एलआईसी एजेंट थे। जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम वह अपनी पत्नी की साड़ी लेने के लिए स्कूटी से घर से निकले थे। इसी दौरान कल्याणपुर आवास विकास-3 स्थित गायत्री पैलेस के पास तेज रफ्तार थार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से भागने की कोशिश में स्कूटी को काफी दूर तक घसीटता चला गया। गंभीर रूप से घायल संतोष सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

जीपीएस की मदद से घटनास्थल तक पहुंचा बेटा

काफी समय बीतने के बाद भी जब संतोष सिंह घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। बेटे राहुल सिंह चौहान ने बताया कि पिता की स्कूटी में जीपीएस सिस्टम लगा था। इसी की मदद से उन्होंने स्कूटी की लोकेशन पता की और घटनास्थल तक पहुंचे। बाद में हैलट अस्पताल में उन्होंने पिता के शव की पहचान की।

पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप

रविवार को राहुल सिंह चौहान पोस्टमार्टम हाउस परिसर में धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि पुलिस ने शुरुआत में उनके पिता के शव को लावारिस के रूप में अस्पताल भेज दिया, जबकि उनके पास पहचान से जुड़े सामान मौजूद थे। बेटे ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के बाद से आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है।

राहुल का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों ने थार सवार युवतियों के नशे में होने की बात कही थी। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि जांच और मेडिकल रिपोर्ट से ही हो सकेगी।

आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग

पीड़ित परिवार ने पुलिस से थार चालक और उसके साथ मौजूद लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने की मांग की है। बेटे ने मामले में दुर्घटना से संबंधित धाराओं के बजाय परिस्थितियों के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की भी मांग उठाई है। इसके साथ ही परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग की गई है।

राहुल ने स्पष्ट किया कि जब तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, उनका धरना जारी रहेगा। वहीं, घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस की कार्रवाई और हादसे की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर अब सभी की नजर जांच के नतीजों पर टिकी है।

About NW-Editor

Check Also

आजम खान के बेटे को बड़ी राहत, बेटा जेल से छूटेगा; हाईकोर्ट ने 2 पैन कार्ड मामले में 10 साल की सजा सस्पेंड की

उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। दो पैन कार्ड …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *