– वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति किया गया जागरूक
– शिविर में भाग लेते विभागीय अधिकारी व चालक।
फतेहपुर। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देश पर मंगलवार को त्रिवेणी संगम राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बड़ौरी टोल प्लाजा पर परिवहन विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ट्रक, बस एवं व्यवसायिक वाहन चालकों की आंखों और स्वास्थ्य की जांच की गई। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन सड़क सुरक्षा समिति की अध्यक्ष जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण कानपुर, परिवहन विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से किया गया। एआरटीओ प्रवर्तन प्रतीक मिश्र ने कहा कि हर वर्ष हजारों वाहन चालक दृष्टि कमजोर होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य और नेत्र परीक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने वाहन चालकों को लेन ड्राइविंग के नियमों का पालन करने, हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित सुरक्षित गति से वाहन चलाने तथा नशे या नींद की स्थिति में वाहन न चलाने की सलाह दी। इस दौरान पंपलेट वितरित कर सडक सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में नेत्र चिकित्सक डॉ. विश्वेष त्रिपाठी, ऑप्टोमोलॉजिस्ट केसी सोनकर एवं फिजिशियन डॉ. बृजेश कुमार ने चालकों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। चिकित्सकों ने कहा कि लंबे सफर के दौरान थकान महसूस होने पर वाहन चलाने से बचना चाहिए। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज यादव, प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश भारद्वाज, एचआर मैनेजर संदीप पांडेय, वरिष्ठ प्रबंधक अतुल यादव, वरिष्ठ सीएसआर प्रबंधक फिरोज़ खान, सुरक्षा अधिकारी फैय्याज आलम, अजीत सिंह, अतुल सिंह समेत टोल कर्मचारी व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

News Wani