Breaking News

गाजियाबाद डबल मर्डर: तीन दिन पहले रची थी हत्या की साजिश, पत्नी-बेटी पर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार

गाजियाबाद के खोड़ा इलाके के लोकप्रिय विहार में हुए डबल मर्डर ने पूरे इलाके को दहला दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मोहम्मद राजा अंसारी ने पत्नी और बड़ी बेटी की हत्या अचानक गुस्से में नहीं की, बल्कि वारदात की तैयारी पहले से कर रखी थी। पुलिस के मुताबिक, उसने करीब तीन दिन पहले मांस काटने वाला चाकू लाकर गद्दे के नीचे छिपा दिया था।

आरोपी दिल्ली के गाजीपुर स्थित मछली मंडी में मुंशी का काम करता था और करीब 12 वर्षों से खोड़ा में परिवार के साथ रह रहा था। पुलिस के अनुसार, वारदात से पहले लगातार तीन रात पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। परिवार के मुताबिक, पिछले करीब चार महीने से दवा खाने को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी।

खाना खाने के बाद शुरू हुआ विवाद

शुक्रवार शाम राजा ड्यूटी से घर लौटा। रात में परिवार ने खाना खाया और बेटियां अपने कमरे में चली गईं। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पत्नी के दवा खाने के लिए कहने पर विवाद हुआ। रात करीब 12 बजे पत्नी के सो जाने के बाद उसने गद्दे के नीचे छिपाया चाकू निकाला और उस पर हमला कर दिया।

शोर सुनकर बड़ी बेटी सना मौके पर पहुंची। आरोपी ने उस पर भी चाकू से कई वार किए। हमले में मां बेबी तबस्सुम और 15 वर्षीय सना की मौत हो गई।

छोटी बेटी पर भी किया हमला

हमले के दौरान छोटी बेटी रूबी भी जाग गई। आरोपी ने उसके पीछे भी चाकू लेकर दौड़ने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, घायल बेबी ने अपनी छोटी बेटी को बचाने के लिए पति के पैरों को पकड़ लिया। इसी दौरान रूबी वहां से निकलने में सफल रही, हालांकि वह भी चाकू के हमले में घायल हो गई।

रूबी की चीख-पुकार सुनकर नीचे रहने वाले पड़ोसी रफीक और तय्यूब ऊपर पहुंचे और उसे बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

तीन दिन पहले ही खरीद लिया था चाकू

पुलिस जांच में सामने आया कि राजा ने वारदात से करीब तीन दिन पहले ही मछली मंडी से चाकू लाकर घर में छिपा दिया था। पूछताछ में उसने पत्नी और बेटी की हत्या की बात स्वीकार की है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।

मानसिक तनाव और घरेलू विवाद की बात आई सामने

परिजनों के अनुसार, राजा करीब पांच साल से मानसिक तनाव की समस्या से जूझ रहा था और उसका दिल्ली के जीबी पंत अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में इलाज चला था। परिजनों का कहना है कि दवा नियमित रूप से लेने को लेकर पत्नी उसे समझाती थी। इसी बात को लेकर पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हत्या की वास्तविक वजह को लेकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

आरोपी गिरफ्तार, चार्जशीट की तैयारी

एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, घायल बेटी की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आरोपी के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों ने एक सप्ताह के भीतर चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी की बात कही है। मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने के लिए भी उच्चाधिकारियों से बातचीत की जाएगी।

 

About NW-Editor

Check Also

गाजियाबाद में सरकारी जमीन पर कब्जे के खिलाफ कार्रवाई, चार दुकानें और डेयरी सील

गाजियाबाद के कैला भट्ठा इलाके में नगर निगम ने सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *