Breaking News

मुरादाबाद में कांवड़ियों के लिए हाईवे पर जीरो ट्रैफिक, दोनों लेन आरक्षित; सोमवार तक लागू रहेगा डायवर्जन

मुरादाबाद। सावन के अंतिम सोमवार को देखते हुए मुरादाबाद में कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। रविवार सुबह छह बजे से दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर जीरो ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी गई। हाईवे की दोनों लेन कांवड़ियों और उनके वाहनों के लिए आरक्षित कर दी गई हैं। सामान्य वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने वाली लेन पर ब्रजघाट की तरफ जाने वाले कांवड़ियों को रास्ता दिया जा रहा है। वहीं दिल्ली से मुरादाबाद की ओर आने वाली लेन का इस्तेमाल गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों के लिए किया जा रहा है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए हाईवे और प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

सामान्य वाहनों के लिए हाईवे बंद

जीरो ट्रैफिक व्यवस्था के दौरान दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर भारी और हल्के सामान्य वाहनों का संचालन बंद रहेगा। वाहन चालकों को निर्धारित डायवर्जन रूट का पालन करने की अपील की गई है। पुलिस टीमों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह व्यवस्था सोमवार दोपहर दो बजे तक लागू रहेगी।

फव्वारा चौराहे से जीरो प्वाइंट तक बाइक पर भी रोक

दिल्ली रोड पर गागन नदी के दो पुलों में से एक पर निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में दूसरे पुल से ही दोनों तरफ का यातायात संचालित हो रहा है। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रविवार सुबह छह बजे से फव्वारा चौराहे से दिल्ली रोड स्थित जीरो प्वाइंट तक बाइक के संचालन पर भी रोक लगा दी गई है।

इन रास्तों से भेजे जा रहे वाहन

शाहजहांपुर से दिल्ली जाने वाले भारी और हल्के वाहनों को बदायूं, बबराला, नरौरा और बुलंदशहर होकर भेजा जा रहा है। बरेली और रामपुर से दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए शाहबाद, बिलारी, सिरसी, चौधरी सराय, गवां, बबराला, नरौरा और बुलंदशहर का मार्ग निर्धारित किया गया है।

मुरादाबाद से मेरठ और दिल्ली जाने वाले वाहनों को गागन तिराहा, मैनाठेर, सिरसी, संभल, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर और हापुड़ होकर भेजा जा रहा है। वहीं दिल्ली-गाजियाबाद से रामपुर, बरेली और लखनऊ जाने वाले वाहनों को हापुड़, सिंभावली, डिबाई, नरौरा और बदायूं के रास्ते भेजने की व्यवस्था की गई है।

About NW-Editor

Check Also

सरकारी स्कूल में बच्चों से बर्तन धुलवाने और पत्रकारों को रोके जाने पर बवाल

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के बिलारी विकासखंड स्थित गांव कमालपुर चांदोरा के सरकारी स्कूल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *