Breaking News

लखनऊ के होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत, साथ आया युवक फरार; तलाक का चल रहा था मुकदमा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर 24 वर्षीय युवती की मौत हो गई। घटना सोमवार शाम करीब 6 बजे सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित होटल सेलेस्टियल मैन्योर में हुई। युवती दोपहर में एक युवक के साथ होटल पहुंची थी। घटना के बाद युवक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दोपहर में होटल पहुंचे थे दोनों, शाम को हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर निवासी अवनीश जायसवाल ने होटल में कमरा नंबर 1037 बुक कराया था। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे वह 24 वर्षीय समरीन के साथ होटल पहुंचा। शाम करीब 6 बजे समरीन बालकनी से नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद युवक लिफ्ट से नीचे पहुंचा और पार्किंग में खड़ी अपनी बाइक लेकर वहां से चला गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

शादीशुदा थी युवती, पति से चल रहा था तलाक का मामला

समरीन लखनऊ की रहने वाली थी और एक होटल में काम करती थी। उसकी शादी करीब छह साल पहले हुई थी। शादी के बाद उसके एक बच्चे का जन्म हुआ था, जिसकी छह महीने की उम्र में मौत हो गई थी। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया और दोनों के रिश्ते में तनाव बढ़ता गया।

परिजनों के मुताबिक, समरीन पति से अलग होकर अपनी मां और बहनों के साथ रह रही थी। उसका तलाक का मामला चल रहा था और सोमवार को अदालत में पेशी भी निर्धारित थी, लेकिन वह वहां नहीं पहुंची।

पांच बहनों और दो भाइयों में तीसरे नंबर पर थी समरीन

समरीन पांच बहनों और दो भाइयों में तीसरे नंबर पर थी। उसके पिता मोहम्मद तज्जू की करीब सात साल पहले मुंबई में मौत हो गई थी। उसके दोनों भाई विदेश में रहते हैं। बड़ा भाई इमरान सऊदी अरब और छोटा भाई आमिर ओमान में कपड़ों पर कारीगरी का काम करता है।

परिजनों के अनुसार, समरीन सोमवार सुबह करीब 11 बजे अपनी बहन हबीबा के लिए कपड़े लेने की बात कहकर घर से निकली थी। परिवार को घटना की जानकारी रात करीब 11 बजे मिली।

मौसा ने युवक पर लगाए आरोप

समरीन के मौसा मोहम्मद शकील ने आरोप लगाया कि युवक कई महीनों से समरीन के पीछे पड़ा था और उसे बहाने से होटल ले गया था। उन्होंने कहा कि होटल के अंदर क्या हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।

फिलहाल युवती की मौत के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

About NW-Editor

Check Also

कारोबारी हत्याकांड में आरोपी श्रद्धा दुबे की तलाश तेज, दिल्ली भागने की आशंका; करीबी हिरासत में

लखनऊ में कारोबारी की हत्या के मामले में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे की तलाश तेज …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *