फतेहपुर। नऊगांव स्थित जामिया इस्लामिया मदीना तुल उलूम में हुजूर हाफिज-ए-मिल्लत हजरत अल्लामा शाह अब्दुल अजीज मुरादाबादी रहमतुल्लाह अलैह का उर्स-ए-पाक अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया। इस दौरान उनकी दीनी, इल्मी, इस्लाही और तालीमी सेवाओं को याद करते हुए उन्हें खिराज-ए-अकीदत पेश किया गया।
कार्यक्रम में जामिया के प्रिंसिपल एवं काजी-ए-शहर मुफ्ती मोहम्मद शहाबुद्दीन मिस्बाही ने हाफिज-ए-मिल्लत की जिंदगी के विभिन्न पहलुओं पर रोशनी डालते हुए कहा कि उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अल्लाह पर मुकम्मल भरोसा रखते हुए शिक्षा और दीनी तालीम की ऐसी शमा रोशन की, जिसकी रोशनी आज भी पूरी दुनिया में फैल रही है।
उन्होंने कहा कि उनका सादा जीवन, पाकीजा किरदार, तकवा, परहेजगारी और इल्म के प्रति लगन सभी के लिए मिसाल है। बुजुर्गों का उर्स मनाना और उनकी जिंदगी का जिक्र करना ही काफी नहीं है, बल्कि उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि इंसान को अपने किरदार और अमल को बेहतर बनाने के साथ-साथ इल्म हासिल करने तथा इंसानियत की सेवा के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से हाफिज-ए-मिल्लत की मेहनत, लगन और बुलंद हौसलों से प्रेरणा लेकर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जामिया के शिक्षक मौलाना करामत अली मिस्बाही, मौलाना अब्दुल हई, मौलाना गुफरान अहमद मिस्बाही, मौलाना अराफात, मौलवी रियाज, हाफिज अब्दुल कय्यूम, मास्टर मुबीनुल हुदा, मास्टर मोहम्मद फारूक, मास्टर इसराफील अहमद, इबरार अहमद, ताली कुरान, कारी अदनान, अली उस्मान और नौशाद खान सहित अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का माहौल रूहानी और इल्मी रहा। अंत में उपस्थित लोगों ने हाफिज-ए-मिल्लत की शिक्षाओं, आदर्शों और मिशन को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
News Wani
