फतेहपुर। फतेहपुर-जहानाबाद वाया जोनिहां-सठिगवां-अमौली मार्ग पर संचालित निजी बस मालिकों का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को जिला उद्योग व्यापार मंडल (पंजीकृत) के प्रदेश अध्यक्ष रवि प्रकाश दुबे के नेतृत्व में जिलाधिकारी और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर निजी बस चालकों के साथ हो रहे उत्पीड़न और आर्थिक नुकसान की शिकायत दर्ज कराई।
जिलाधिकारी और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को दिए गए ज्ञापन में बस मालिकों ने बताया कि फतेहपुर-जहानाबाद वाया जोनिहां-सठिगवां और अमौली मार्ग पर डग्गामार वाहन और ई-रिक्शा भी संचालित हो रहे हैं। आरोप है कि इन वाहनों के चालक सवारियां बैठाने को लेकर आए दिन निजी बस चालकों के साथ मारपीट और अभद्रता करते हैं। इसके चलते निजी बस मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
बस मालिकों ने बताया कि इस समस्या की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि छोटे डग्गामार वाहन यातायात और परिवहन संबंधी नियमों का पालन किए बिना सड़कों पर संचालित हो रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल की शिकायत सुनने के बाद जिलाधिकारी ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। वहीं एआरटीओ ने भी शिकायत की जांच कर आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
इस मौके पर मुन्ना सिंह गौड़, दिनेश प्रसाद, संतोष मिश्रा, मनोज तिवारी, रानू वर्मा, रामवीर यादव, राम प्रकाश निषाद, सुरेंद्र तिवारी, अंकुर तिवारी और विकास अवस्थी सहित कई बस मालिक मौजूद रहे।
News Wani
