विजयीपुर, फतेहपुर। क्षेत्र के भ्योखर मजरे मड़ौली गांव में गुरुवार को हुई तेज बारिश के बाद तालाब उफान पर आ गया। इससे तालाब की जमीन पर अतिक्रमण कर बनाए गए दर्जनों घरों में गंदा पानी घुस गया। गांव की सड़कें भी जलमग्न हो गईं, जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव की आबादी के बीच स्थित तालाब की भूमि पर दो दर्जन से अधिक लोगों ने मकान बना लिए हैं। इस मामले में जनहित याचिका दायर होने के बाद न्यायालय से बेदखली का आदेश भी जारी किया जा चुका है। हाईकोर्ट की ओर से नोटिस जारी होने के कई वर्ष बाद भी अतिक्रमणकारियों ने तालाब की भूमि खाली नहीं की।
गुरुवार को हुई मूसलाधार बारिश के चलते भ्योखर तालाब उफान पर आ गया, जिससे तालाब का गंदा पानी आसपास बने मकानों में भर गया। गांव के आमिल, विजयपाल, हीरालाल, दस्सा, मेवालाल, शिवपूजन, बुद्धसेन, विनोद सहित कई ग्रामीणों के घरों में पानी घुस गया। इसके अलावा गांव का सार्वजनिक पक्का रास्ता भी जलमग्न हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से जमा तालाब का गंदा पानी घरों और सड़कों में भरने से जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया है। साथ ही संक्रामक बीमारियों की आशंका भी बनी हुई है, जिससे लोग भय और चिंता में हैं।
नायब तहसीलदार नितिन कुमार ने बताया कि तालाब उफनाने की सूचना मिली है। लेखपाल और ग्राम प्रधान से बात कर जल निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
News Wani
