मंडी/हिमाचल प्रदेश। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मंडी जिले में टनल नंबर 12 के अंदर दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा सुबह करीब पौने आठ बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक पंजाब नंबर के एक ट्रक और हिमाचल नंबर के दूसरे ट्रक के बीच टनल के भीतर जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में सवार कई लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही औट पुलिस टीम और जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से नगवाईं स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।
अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नेरचौक और क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल नेरचौक भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार हादसे के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। दुर्घटना को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
News Wani
