नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के टिकरी कलां स्थित सीएनजी फिलिंग स्टेशन पर ट्रक में सीएनजी भरते समय हुए भीषण धमाके के मामले में मुंडका थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में तीन पंप कर्मचारियों की मौत हुई थी, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं।
घटना के बाद दिल्ली पुलिस की फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) और इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) की तकनीकी टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस अब दोनों टीमों की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट के आधार पर हादसे की वास्तविक वजह और संभावित लापरवाही का पता लगाया जाएगा।
ट्रक में छह से अधिक CNG सिलिंडर होने का दावा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे का शिकार ट्रक छह सीएनजी सिलिंडर ले जाने के लिए अधिकृत था, लेकिन घटना के समय उसमें अतिरिक्त सिलिंडर लगे होने की बात सामने आई है। इन अतिरिक्त सिलिंडरों की वैधता और फिटनेस की जांच की जा रही है।
पुलिस फिलहाल ओवरप्रेशर, गैस रिसाव या सिलिंडर से जुड़ी तकनीकी खराबी समेत कई पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, धमाके की निश्चित वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
दिल्ली सरकार को पत्र लिखेगी पुलिस
दिल्ली पुलिस इस मामले में दिल्ली सरकार को पत्र लिखकर एक तकनीकी टीम गठित करने का अनुरोध करेगी। टीम घटनास्थल और वाहन की तकनीकी जांच कर यह पता लगाएगी कि हादसा किस स्तर पर हुई लापरवाही के कारण हुआ।
घटना के बाद सीएनजी फिलिंग स्टेशन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
तीन कर्मचारियों की मौत
बुधवार दोपहर करीब 3:20 बजे ट्रक में सीएनजी भरते समय सिलिंडर बॉक्स में जोरदार धमाका हुआ था। धमाके के बाद तीन सिलिंडर अलग हो गए और आसपास मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में पंप कर्मचारियों मनीष, ब्रह्मजीत और सनी की मौत हो गई। तीन अन्य घायल लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
टीकरी हादसे पर आईजीएल ने दुख जताया, दिए ये निर्देश
आईजीएल ने टीकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास स्थित मेसर्स आध्या एनर्जीज के सीएनजी स्टेशन पर हुई दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। कंपनी ने उन परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। आईजीएल ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की है।
एक संगठन के रूप में, आईजीएल इस घटना से हुए दर्द को स्वीकार करता है। कंपनी प्रभावित परिवारों और समुदाय की जरूरतों के प्रति संवेदनशील बनी हुई है। जांच के प्रारंभिक निष्कर्षों से पता चला है कि घटना में शामिल ट्रक सीएनजी भरवाने के लिए स्टेशन पर आया था। इस ट्रक को केवल छह सीएनजी सिलिंडर ले जाने की अनुमति थी। हालांकि, ऐसा प्रतीत होता है कि घटना के समय वाहन में कुछ अतिरिक्त सिलिंडर लगे हुए थे। ट्रक द्वारा लगाए गए इन अतिरिक्त सिलिंडरों की वैधता की जांच की जा रही है। घटना के सटीक कारण की भी संबंधित अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है। आईजीएल ऐसी घटनाओं के मामले में सभी लागू प्रोटोकॉल का पालन कर रहा है।
जांच के शुरुआती नतीजों से पता चला है कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में अधिक सिलिंडर थे। ट्रक को केवल छह सीएनजी सिलिंडर ले जाने की अनुमति दी गई थी। लेकिन घटना के समय उसमें कुछ अतिरिक्त सिलिंडर लगे हुए थे। इन अतिरिक्त सिलिंडरों की वैधता पर सवाल उठ रहे हैं। संबंधित अधिकारी घटना के सटीक कारण की गहन जांच कर रहे हैं।
आईजीएल ने इस दुखद घटना पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। कंपनी ने प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनशीलता दोहराई है। आईजीएल के लिए सुरक्षा हमेशा से एक प्रमुख प्राथमिकता रही है। कंपनी अपने सभी कार्यों में उच्चतम सुरक्षा मानकों का पालन करती है। वह मानक संचालन प्रक्रियाओं का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
News Wani
