Breaking News

फतेहपुर में किसानों की आय बढ़ाने पर जोर, मशरूम और मत्स्य पालन को मिलेगा बढ़ावा

फतेहपुर। कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन, उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम तथा सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन एंड टेक्नोलॉजी (आत्मा) योजना की गवर्निंग बोर्ड बैठक आयोजित की गई।

बैठक में खरीफ फसलों के रकबे में वृद्धि, सूखे की स्थिति में अधिक से अधिक मिलेट्स (श्री अन्न) की बुवाई, फसल बीमा और किसान क्रेडिट कार्ड योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।

उप कृषि निदेशक ने गत वर्ष संचालित योजनाओं की प्रगति तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रस्तावित कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन, मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम और आत्मा योजना के वर्ष 2025-26 के भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए वर्ष 2026-27 के लक्ष्यों एवं जिला कृषि कार्य योजना का अनुमोदन किया गया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अंतरराज्यीय कृषक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों, गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) तथा किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) की महिला सदस्यों को ऐसे संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाया जाए, जहां बागवानी, मिलेट्स और मत्स्य पालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं और किसानों को आधुनिक तकनीकों की जानकारी मिलेगी तथा उनकी आय में वृद्धि होगी।

डीएम ने वर्ष 2026-27 के कृषक भ्रमण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने, मशरूम की खेती को बढ़ावा देने तथा कम उत्पादकता वाली ग्राम पंचायतों में प्रदर्शन प्लॉट और फार्म स्कूल स्थापित कर किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला उद्यान अधिकारी ने बागवानी एवं सब्जी उत्पादक किसानों को जलगांव (महाराष्ट्र) और जयपुर (राजस्थान) में प्रशिक्षण दिलाने का सुझाव दिया। वहीं, उप कृषि निदेशक ने मिलेट्स की उन्नत तकनीकों के लिए सोनीपत (हरियाणा) तथा मत्स्य निरीक्षक ने मत्स्य पालन करने वाले किसानों के लिए आंध्र प्रदेश में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराने का प्रस्ताव रखा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीणा, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, भूमि संरक्षण विभाग के अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, उप मुख्य चिकित्साधिकारी, मत्स्य निरीक्षक, कृषि विज्ञान केंद्र थरियांव की अध्यक्ष साधना वैश्य, कृषि वैज्ञानिक डॉ. जितेंद्र सिंह, डॉ. संजय कुमार पांडेय, एफपीओ प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य तथा प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।

About NW-Editor

Check Also

शराब की लत से परेशान युवक ने फंदे से लटककर की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम

फतेहपुर। चांदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गौहरारी में मंगलवार की देर शाम 28 वर्षीय युवक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *