फतेहपुर। सफाई कर्मचारी गरिमा फाउंडेशन के तत्वावधान में नगर पालिका परिषद में कार्यरत आउटसोर्सिंग एवं संविदा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर विजय बख्शी के आवास पर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में कानपुर से आए देव कबीर शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता पूर्व सफाई नायक किशोरी ने की। बैठक का संचालन एवं संयोजन पूर्व सभासद धीरज कुमार ने किया।
मुख्य अतिथि देव कबीर ने कहा कि सफाई कर्मचारी वर्षों से कठिन परिस्थितियों में पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उपेक्षा, शोषण और अपमान का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कर्मचारियों से गरिमापूर्ण जीवन जीने और अपने अधिकारों के लिए एकजुट होने की अपील की।
सामाजिक कार्यकर्ता धीरज कुमार ने आउटसोर्सिंग व्यवस्था को कर्मचारियों के शोषण का माध्यम बताते हुए इसे समाप्त करने की मांग उठाई। वहीं कर्मचारी राजू ने वेतन पर्ची जारी करने और बकाया पीएफ जमा कर उसका पूरा लेखा-जोखा उपलब्ध कराने की मांग की।
केशव ने कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश देने की बात कही, जबकि संजय ने शासन द्वारा निर्धारित छुट्टियां उपलब्ध कराने और कर्मचारियों को बेवजह परेशान नहीं करने की मांग रखी।
मालती वाल्मीकि ने स्वच्छकार समाज के परिवारों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और आरटीआई योजना का लाभ उठाने की अपील की। प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि अपने अधिकारों की लड़ाई में एकजुटता बेहद जरूरी है।
विजय बख्शी ने आउटसोर्सिंग व्यवस्था के तहत कर्मचारियों के साथ हो रहे शोषण पर चिंता जताई। वहीं कवि बाबूराम बादल ने अपनी कविताओं के माध्यम से स्वच्छकार समाज की पीड़ा और समस्याओं को व्यक्त किया।
बैठक में देव कबीर, कुंवरजीत, चमन बिरहा, धीरज कुमार, विजय कुमार बख्शी, बाबूराम बादल, अरुण कुमार, संजय बख्शी, अभिषेक, हरिकिशन, संदीप कुमार, राजू, प्रकाश आंबेडकर, मालती वाल्मीकि, नीरज कुमार, आशीष बैरीशाल, मनीष कुमार, आशुतोष कुमार, राजेंद्र कुमार, राम सजिवन, राहुल, मनजीत और सुरजीत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
News Wani
