Breaking News

लखनऊ में महिला की सिर पर वार कर हत्या, 24 घंटे में दूसरी वारदात से मचा हड़कंप

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने पुलिस की चुनौती बढ़ा दी है। कृष्णानगर थाना क्षेत्र के बाराबिरवा स्थित मानसरोवर मार्केट में मंगलवार सुबह करीब 30 वर्षीय महिला का शव लहूलुहान हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

सुबह मार्केट के आसपास मौजूद लोगों ने बरामदे में महिला का शव पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही कृष्णानगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान करीब 30 वर्षीय राधा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक महिला घुमंतू जीवन बिताती थी और आसपास ही रहती थी।

साथी के लापता होने से जांच में नया एंगल

स्थानीय लोगों से पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि महिला सड़क किनारे भोला नाम के एक व्यक्ति के साथ रहती थी। घटना के बाद से भोला मौके से गायब है। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है। जांच अधिकारियों को उम्मीद है कि उससे पूछताछ के बाद हत्या की वजह और घटनाक्रम के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है।

घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात से पहले महिला के आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे।

24 घंटे में कृष्णानगर क्षेत्र में दूसरी हत्या

महिला की हत्या से करीब एक दिन पहले कृष्णानगर क्षेत्र में ही 32 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई थी। युवक का शव सड़क किनारे मौरंग के ढेर पर मिला था। उसके गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान थे।

मृतक की पहचान रामबाबू मौर्या के रूप में हुई थी। वह काकोरी क्षेत्र का रहने वाला था और मजदूरी करता था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी।

चार दिन में हत्या की तीसरी घटना

राजधानी में पिछले कुछ दिनों के दौरान हत्या की कई घटनाएं सामने आई हैं। शनिवार को मड़ियांव क्षेत्र में नगर निगम से सेवानिवृत्त बुजुर्ग मगन बिहारी तिवारी पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई थी।

बताया गया कि बुजुर्ग अपने पोते के साथ बिजली का बिल जमा करने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक कबाड़ी के ठेले को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। बुजुर्ग अपने पोते को बचाने पहुंचे तो उन पर भी चाकू से कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी घटना के बाद फरार हो गया।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद राजधानी की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस महिला की हत्या के मामले में सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और संदिग्ध व्यक्ति की तलाश में जुटी है।

About NW-Editor

Check Also

शुभांशु शुक्ला बोले- जेन-जी और जेन-अल्फा पीढ़ी बेहद प्रतिभाशाली, बस सही दिशा की जरूरत

लखनऊ। अंतरिक्ष की यात्रा कर चुके भारतीय एस्ट्रोनॉट और एयरफोर्स के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *