Breaking News

हीरा मॉडल व हीरा इस्लामिया इंटर कॉलेज की 30वीं वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ

न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। नरैनी रोड स्थित हीरा मॉडल एवं हीरा इस्लामिया इंटर कॉलेज में मंगलवार, 17 नवंबर को 30वीं वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व हॉकी ओलंपियन सैयद अहमद मगरबी ने फीता काटकर किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट के जरिए अनुशासन, एकता और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के उपप्रधानाचार्य चांद बाबू ने मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का बैज अलंकरण कर स्वागत किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने आकर्षक परेड प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। विद्यालय परिसर में खेल प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

मुख्य अतिथि सैयद अहमद मगरबी ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को खेलों में केवल भागीदारी तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि मेहनत और लगन के साथ अपनी प्रतिभा को निखारकर नई पहचान बनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रतिभाशाली खिलाड़ी इन अवसरों का लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।

इसके बाद मुख्य अतिथि ने सिक्का उछालकर खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। मुकाबले में येलो ग्रुप की बालिकाओं ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फाइनल में ब्लू ग्रुप को हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता खिलाड़ियों का उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।

समारोह में राज्य, मंडल और जनपद स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले विद्यालय के छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर पूर्व हॉकी खिलाड़ी एवं शारीरिक शिक्षक शाहिद वली खान, मंडलीय सचिव एवं शारीरिक शिक्षक रमेशचंद्र, कबड्डी कोच बाबा फरीद, राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रद्युम्न सिंह, एनआईएस कोच सलमान हाश्मी और शुभम सिंह मौजूद रहे।

खेलों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विद्यालय के शारीरिक शिक्षक अशोक कुमार को भी मेडल, प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विज्ञान प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विज्ञान मॉडल और नवाचारों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शिक्षक महेश पाल, शिक्षिका रफत बेगम और सोमी अली ने अतिथियों को प्रदर्शनी का अवलोकन कराया। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ विज्ञान और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ना भी बेहद जरूरी है।

विद्यालय के शारीरिक शिक्षक अशोक कुमार ने बताया कि 30वीं वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन 21 नवंबर को होगा। आगामी दिनों में क्रिकेट, बैडमिंटन, कबड्डी, विभिन्न दौड़ और अन्य खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या मरयम खान ने मुख्य अतिथि एवं सभी विशिष्ट अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक राहुल रावत ने किया। व्यवस्थाओं में उपप्रधानाचार्या सालेहा खान सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विद्यालय में आयोजित यह खेल महोत्सव विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को मंच देने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर बना।

About NW-Editor

Check Also

बुंदेलखंड की धरती पर महिला सशक्तिकरण की नई इबारत लिख रहीं बांदा की ‘लीलावती’, योगी सरकार की नीतियों और ‘मिशन शक्ति’ से मिला संबल

न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। बुंदेलखंड की वीर बेटियां आज केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *