नई दिल्ली। दिल्ली में बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा के इस्तीफे की मांग को लेकर वकीलों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। ऑल इंडिया यंग एडवोकेट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर बीसीआई कार्यालय के आसपास पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।
प्रदर्शनकारियों ने वकीलों की सुरक्षा, कल्याण और कानून की पढ़ाई से जुड़े कई मुद्दे उठाए। अधिवक्ताओं का आरोप है कि वकीलों और कानून छात्रों से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों पर बीसीआई की ओर से पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ता उमेश कुमार ने कहा कि देश में वकीलों पर हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन उनके मुताबिक बीसीआई नेतृत्व की ओर से इन मामलों पर अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं दी गई। उन्होंने वकीलों के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी बनाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने अधिवक्ता अधिनियम, वकीलों के लिए स्टाइपेंड, चैंबर की सुविधा और सुरक्षा जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा कानून कॉलेजों की निगरानी, फर्जी लॉ कॉलेजों और कथित फर्जी डिग्रियों पर कार्रवाई की मांग भी की गई।
यह प्रदर्शन एनएएलएसएआर विवाद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने बीसीआई से वकीलों और कानून छात्रों से जुड़े मुद्दों पर अधिक सक्रिय भूमिका निभाने की मांग की है।
News Wani
