नई दिल्ली। महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को नई दिल्ली में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत विभिन्न राजनीतिक नेताओं ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
गांधी जयंती के कार्यक्रमों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की स्कूली बच्चों के साथ मुलाकात भी चर्चा में रही। संविधान सदन में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को आमंत्रित किया गया था। प्रधानमंत्री मोदी बच्चों के एक समूह के बीच पहुंचे और उनसे बातचीत की। इस दौरान उन्होंने एक छात्र के कंधे पर हाथ रखकर उसका हालचाल भी जाना।
वहीं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी स्कूली बच्चों से बातचीत की। राहुल गांधी एक बच्ची के साथ बैठे और उसे अपने मोबाइल फोन पर कुछ दिखाते नजर आए। इस दौरान दोनों मुस्कुराते हुए दिखाई दिए।
राजघाट पर नेताओं ने दी बापू को श्रद्धांजलि
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य नेताओं ने भी राजघाट पहुंचकर बापू को नमन किया।
गांधी जयंती के साथ ही 2 अक्टूबर को पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी मनाई जाती है। इस अवसर पर नेताओं ने विजय घाट पहुंचकर उन्हें भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
30 दिन तक चलेगा स्वच्छता अभियान
गांधी जयंती के अवसर पर देशभर में स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक 30 दिवसीय राष्ट्रव्यापी स्वच्छता अभियान में लोगों से भाग लेने की अपील की है।
अभियान में सरकारी और निजी संस्थानों, शैक्षणिक संस्थानों, गैर-सरकारी संगठनों तथा अन्य संगठनों की भागीदारी पर जोर दिया गया है। खान मंत्रालय की ओर से इसी अवधि में ई-कचरे के संग्रह, छंटाई और वैज्ञानिक तरीके से निपटान से जुड़ी पहल भी चलाने की जानकारी दी गई है।
गांधी जयंती के मौके पर देशभर में स्वच्छता, शांति और अहिंसा से जुड़े कार्यक्रमों के जरिए महात्मा गांधी के विचारों को याद किया जा रहा है।
News Wani
