कानपुर। भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में स्वागत कार्यक्रम के दौरान दो पदाधिकारियों के बीच हुई मारपीट का विवाद अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। पूर्व जिला मंत्री शिवपूजन सविता ने जिला सह-मीडिया प्रभारी डॉ. विनय सिंह राठौर पर जातिसूचक टिप्पणी करने और मारपीट का आरोप लगाया है। कार्रवाई की मांग को लेकर शिवपूजन समर्थकों के साथ हनुमंत विहार थाने पहुंचे और एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
करीब चार घंटे तक चले हंगामे के दौरान पुलिस ने शिवपूजन का मेडिकल परीक्षण कराया, लेकिन समर्थक मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे।
स्वागत कार्यक्रम में कुर्सी को लेकर हुआ विवाद
बुधवार को केशव नगर स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र प्रभारी शंकर लाल लोधी के स्वागत में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान मंच पर बैठने को लेकर शिवपूजन सविता और विनय सिंह राठौर के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
आरोप है कि शिवपूजन ने विनय सिंह को थप्पड़ मारा, जिसके बाद दोनों आपस में भिड़ गए और उनके कपड़े तक फट गए। भाजपा जिलाध्यक्ष दक्षिण शिवराम सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया।
बाहर निकलने के बाद फिर भिड़े
विवाद शांत कराने के लिए दोनों को कार्यक्रम से बाहर भेज दिया गया। आरोप है कि कार्यालय के बाहर भी दोनों के बीच दोबारा विवाद हुआ। इस दौरान विनय सिंह ने शिवपूजन की चप्पल से पिटाई की। हंगामा बढ़ने पर पार्टी के अन्य नेताओं ने दोनों को अलग कराया।
इसके बाद शिवपूजन ने विनय सिंह पर जातिसूचक टिप्पणी करने और मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
पांच सदस्यीय जांच कमेटी गठित
घटना के बाद भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू ने मामले पर नाराजगी जताते हुए पांच सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। कमेटी को तीन दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच कमेटी में क्षेत्रीय मंत्री सुनील तिवारी, जिलाध्यक्ष दक्षिण शिवराम सिंह, जिलाध्यक्ष उत्तर अनिल दीक्षित, जिलाध्यक्ष ग्रामीण उपेंद्र पासवान और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अशोक राजपूत को शामिल किया गया है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि जांच में जो भी पदाधिकारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ संगठन स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
