कानपुर। किदवई नगर में शनिवार शाम एक रिटायर्ड ईएनटी सर्जन की स्कूटी चलाते समय अचानक तबीयत बिगड़ गई। डॉक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान किदवई नगर के बी-ब्लॉक निवासी नरेश चंद्रा (67) के रूप में हुई है। वह सरकारी अस्पताल से ईएनटी सर्जन के पद से सेवानिवृत्त थे और किदवई नगर में अपना क्लीनिक चलाते थे।
क्लीनिक बंद कर स्कूटी से घर जा रहे थे
परिजनों के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 5:30 बजे नरेश चंद्रा क्लीनिक बंद करने के बाद स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। वह आनंदपुरी के पास पहुंचे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित हो गई और वह बीच सड़क पर गिर पड़े।
परिजनों ने बताया कि उन्हें आशंका है कि स्कूटी चलाते समय ही डॉक्टर को हार्ट अटैक आया था। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सड़क पर गिरने से चेहरे और हाथ में चोट
स्कूटी से सड़क पर गिरने के कारण नरेश चंद्रा के हाथ और मुंह में गंभीर चोटें आईं। अचानक हुई घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और डॉक्टर को नजदीकी निजी अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद गोविंद नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
गोविंद नगर थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे के अनुसार, डॉक्टर की चलती स्कूटी पर तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
