लखनऊ। काकोरी क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। चकौली अंडरपास के पास तेज रफ्तार XUV300 अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार कई बार पलटने के बाद सड़क पर सीधी हो गई।
हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। पीछे की सीट पर बैठे दो लोगों की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई, जबकि आगे बैठे उप निरीक्षक और चालक घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रिश्तेदारी के कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे
जानकारी के मुताबिक, उप निरीक्षक सोनू निगम अपने परिवार के साथ बुलंदशहर से लखनऊ आ रहे थे। उन्हें मोहनलालगंज में आयोजित एक रिश्तेदारी के कार्यक्रम में शामिल होना था। उनके साथ उनकी मां सावित्री देवी और ताऊ शेर सिंह भी सफर कर रहे थे।
कार चालक संदीप भाटी वाहन चला रहा था। रविवार सुबह करीब 9 बजे काकोरी के चकौली अंडरपास के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और खंभे से जा टकराई।
टक्कर के बाद कई बार पलटी कार
खंभे से टकराने के बाद कार कई बार पलटी। हादसे में वाहन का अगला और पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे आगे बैठे दरोगा और चालक को गंभीर हादसे के बावजूद बचने में मदद मिली।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकलवाया। पीछे की सीट पर बैठे दोनों यात्रियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कार से मिले 3.50 लाख रुपये नकद
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार की जांच के दौरान एक सूटकेस, कपड़े, मोबाइल फोन और करीब 3.50 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। हादसे के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि कार अचानक किस वजह से अनियंत्रित हुई।
News Wani
