भारत ने एशियन गेम्स 2026 में 21 स्वर्ण समेत कुल 85 पदकों के साथ अपने अभियान का समापन किया। पदक तालिका में भारत चौथे स्थान पर रहा। इस बार भारतीय महिला खिलाड़ियों ने खास उपलब्धि हासिल की और 24 साल बाद पुरुष खिलाड़ियों से ज्यादा गोल्ड मेडल जीतने में कामयाबी हासिल की।
भारत की महिलाओं ने अपने इवेंट्स में 11 गोल्ड, जबकि पुरुष खिलाड़ियों ने 7 गोल्ड जीते। इसके अलावा 3 स्वर्ण पदक मिक्स्ड इवेंट्स में आए। इससे पहले 2002 के बुसान एशियन गेम्स में भारतीय महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा गोल्ड जीते थे।
शूटिंग और एथलेटिक्स में प्रदर्शन कमजोर
भारत के लिए शूटिंग और एथलेटिक्स इस बार उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। पिछले एशियन गेम्स में शूटिंग में 7 और एथलेटिक्स में 6 गोल्ड मिले थे। इस बार शूटिंग में सिर्फ 3 और एथलेटिक्स में 1 स्वर्ण पदक आया।
इन दोनों खेलों में भारत को कुल 9 गोल्ड का नुकसान हुआ। इसके अलावा स्क्वॉश, टेनिस, बैडमिंटन और घुड़सवारी में भी भारत पिछली बार की तरह स्वर्ण पदक नहीं जीत सका।
हालांकि बॉक्सिंग और रेसलिंग ने इस कमी की कुछ भरपाई की। पिछली बार इन दोनों खेलों में भारत को कोई गोल्ड नहीं मिला था, जबकि इस बार बॉक्सिंग में 3 और रेसलिंग में 2 स्वर्ण पदक हासिल हुए।
हॉकी में पुरुष और महिला दोनों टीमों ने जीता गोल्ड
टीम इवेंट्स में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा। क्रिकेट, हॉकी और कबड्डी में पुरुष और महिला दोनों वर्गों ने स्वर्ण पदक जीते।
हॉकी में एशियन गेम्स का गोल्ड जीतने वाली टीम को सीधे ओलिंपिक क्वालिफिकेशन मिलता है। ऐसे में भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने 2028 लॉस एंजिल्स ओलिंपिक का टिकट भी पक्का कर लिया है।
यह पहली बार है जब भारत की पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने एक ही एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता है।
चीन की बादशाहत बरकरार
एशियन गेम्स की पदक तालिका में चीन का दबदबा एक बार फिर कायम रहा। चीन ने 169 गोल्ड समेत कुल 341 पदक जीते और पहले स्थान पर रहा। जापान 83 स्वर्ण के साथ दूसरे नंबर पर रहा।
चीन 1982 के बाद से लगातार हर एशियन गेम्स में पदक तालिका में शीर्ष पर रहा है। भारत ने पिछली बार की तरह इस बार भी चौथा स्थान हासिल किया, लेकिन 2023 के मुकाबले भारत के कुल पदकों में कमी आई।
2023 में भारत ने 28 गोल्ड समेत 106 पदक जीते थे, जबकि इस बार 21 गोल्ड समेत 85 पदक मिले।
एशियन गेम्स में टूटे कई रिकॉर्ड
इस बार एशियन गेम्स में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 53 वर्ल्ड रिकॉर्ड और 76 एशियन रिकॉर्ड तोड़े। इसके अलावा 166 नए गेम्स रिकॉर्ड भी बने।
भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने चीन के खिलाफ फाइनल में 238 अंक हासिल किए। यह स्कोर वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी करने वाला प्रदर्शन रहा।
News Wani
