Breaking News

कानपुर में स्कूल बस और डंपर की जोरदार भिड़ंत, महिला टीचर की मौत; कई छात्र-शिक्षक घायल

कानपुर। कानपुर-सागर हाईवे पर शुक्रवार सुबह स्कूल बस और मौरंग लदे डंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला शिक्षक की मौत हो गई, जबकि कई छात्र और शिक्षक घायल हुए हैं। हादसा बिधनू थाना क्षेत्र के हरबसपुर गांव के पास सुबह करीब 8 बजे हुआ।

बताया गया कि घाटमपुर स्थित चीमा पब्लिक स्कूल की बस में करीब 35 लोग सवार थे। सभी गांधी जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर ने बस को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद बस के शीशे टूटे, कई लोग घायल

टक्कर इतनी तेज थी कि बस के एक तरफ के शीशे पूरी तरह टूट गए। कांच के टुकड़े बस के अंदर बैठे लोगों को लगे। कुछ छात्रों और शिक्षकों के सिर, आंख और गर्दन में चोट आई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। डंपर चालक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।

महिला टीचर की इलाज के दौरान मौत

हादसे में विज्ञान की शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव (35) की मौत हो गई। ऐश्वर्या चीमा पब्लिक स्कूल में पिछले करीब पांच साल से पढ़ा रही थीं। उनकी मौत की खबर मिलने के बाद स्कूल की प्रिंसिपल सुभांगी सिंह अस्पताल पहुंचीं। वहां घटना की जानकारी मिलने पर वह भावुक होकर बेसुध हो गईं।

ऐश्वर्या चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थीं। परिवार के मुताबिक, वह सुबह करीब साढ़े छह बजे घर से निकली थीं। जाते समय उन्होंने परिवार से कहा था कि गांधी जयंती के कार्यक्रम के कारण स्कूल में पढ़ाई नहीं होगी और वह जल्दी घर लौट आएंगी।

ड्राइवर ने बताया कैसे हुआ हादसा

स्कूल बस चालक अर्जुन के मुताबिक, बस हरबसपुर गांव के पास पहुंची थी। इसी दौरान सामने से आ रहा मौरंग लदा डंपर एक कार को ओवरटेक करते हुए अचानक बस के सामने आ गया। चालक ने डंपर से बचने के लिए बस को सड़क से नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन डंपर ने बस के एक हिस्से में टक्कर मार दी।

बस में मौजूद मैथ टीचर दीपक पाल ने बताया कि डंपर तेजी से सामने आता दिखाई दिया था। ड्राइवर ने बस को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही पल में जोरदार टक्कर हो गई।

छात्रों और शिक्षकों को आई चोटें

हादसे में कई छात्रों और शिक्षकों को चोटें आईं। छात्र रौनक वर्मा की आंखों में कांच के टुकड़े लगे। उसके अलावा कनिष्क, मैत्री, सुहानी और कुशाग्र समेत अन्य छात्र भी बस में सवार थे।

टीचर अंजू रीता और हिमांशु यादव को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं कुछ घायलों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया।

पुलिस ने डंपर कब्जे में लिया

थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। डंपर को कब्जे में लेकर घटना की जांच की जा रही है। शिकायत मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About NW-Editor

Check Also

कानपुर में 21 वर्षीय डांसर की संदिग्ध मौत, बेड पर मिला शव; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के घाऊखेड़ा इलाके में बुधवार सुबह 21 वर्षीय डांसर कृष्ण कुमार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *