फतेहपुर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर शनिवार को जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने विभिन्न बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनों और महिला अपराधों की रोकथाम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना डर और संकोच के पुलिस से शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम चौपाल लगाकर लोगों से संवाद किया गया और उनकी समस्याएं सुनते हुए त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण का भरोसा दिलाया गया।
जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा साइबर अपराधों से बचाव के लिए साइबर क्राइम पोर्टल के उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई।
पुलिस टीमों ने महिलाओं को आत्मरक्षा के उपायों के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी आपात स्थिति में उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं का तत्काल लाभ उठाने की अपील की। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है।
News Wani
