Breaking News

जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें : कमिश्नर सम्पूर्ण समाधान दिवस में 25 शिकायतों का मौके पर कराया निस्तारण

न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा।  चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार ने तहसील बांदा सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 25 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष शिकायतों का भी निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनशिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित रखने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

दीपावली पर आवश्यक सेवाएं रहेंगी सुचारु

समाधान दिवस के बाद आयुक्त ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर दीपावली पर्व के मद्देनजर आवश्यक सेवाओं और जनसुविधाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

पटाखा दुकानों पर सुरक्षा व्यवस्था की हो जांच

आयुक्त ने पटाखों की दुकानों के संचालन में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आतिशबाजी की बिक्री निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही होनी चाहिए। दुकानदारों के पास वैध लाइसेंस, अग्निशमन उपकरण और अन्य जरूरी सुरक्षा संसाधन उपलब्ध रहें। दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी रखी जाए। एसडीएम, पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीमें नियमित निरीक्षण करें तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाए।

बिजली आपूर्ति और जर्जर तारों को लेकर सख्ती

विद्युत विभाग को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि कहीं भी बिजली के तार लटकते या जर्जर अवस्था में नहीं मिलने चाहिए। घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों की जांच कर आवश्यकतानुसार उन्हें सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कराया जाए। नए बिजली कनेक्शन के आवेदनों का भी समय से निस्तारण किया जाए।

खाद वितरण में कालाबाजारी पर रहेगी नजर

किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए सहकारी समितियों और निजी उर्वरक बिक्री केंद्रों पर पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए। सभी केंद्रों पर खाद की निर्धारित कीमत और उपलब्ध स्टॉक की जानकारी प्रदर्शित होनी चाहिए। आयुक्त ने कालाबाजारी, जमाखोरी, अधिक कीमत वसूलने और अनिवार्य टैगिंग जैसी शिकायतों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा। महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को खाद वितरण में प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए।

अस्पतालों में दवाओं और एंबुलेंस की उपलब्धता रहे सुनिश्चित

दीपावली के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों, दवाओं और एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा गया। डेंगू, मलेरिया सहित संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और जलभराव की समस्या दूर कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

प्रमाण पत्रों के आवेदनों का समय से हो निस्तारण

जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्रों से संबंधित आवेदनों को नियमानुसार तत्काल निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि पात्र लोगों को प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनहित से जुड़े अन्य आवेदनों का भी निर्धारित समयसीमा में समाधान किया जाए।

भूमि पैमाइश में रोवर तकनीक का होगा इस्तेमाल

राजस्व विभाग को भूमि की पैमाइश और सीमांकन के मामलों में रोवर तकनीक का उपयोग करने के निर्देश दिए गए। इससे भूमि की माप में पारदर्शिता और सटीकता आएगी तथा भूमि विवादों के निस्तारण में देरी कम होगी। लंबित राजस्व मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने पर भी जोर दिया गया।

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई

सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस और परिवहन विभाग को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों की सघन जांच करने तथा प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर नियमित चेकिंग कराने को कहा गया। दीपावली के दौरान बाजारों में भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

अंत में आयुक्त अजीत कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों को नियमित समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान, बेहतर जनसुविधाएं और आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।

About NW-Editor

Check Also

बांदा में राशन की कालाबाजारी का मामला उजागर, 113 क्विंटल से अधिक खाद्यान्न का हिसाब गायब; पवई के कोटेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज

न्यूज़ वाणी ब्यूरो अतर्रा ,बांदा।  जनपद में सरकारी राशन वितरण व्यवस्था में गड़बड़ी का मामला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *