फतेहपुर। मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ऑफ इंडिया के संगठन विस्तार को लेकर प्रदेश अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद ने बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश कमेटी का विस्तार किया है। प्रदेश अध्यक्ष ने दो प्रमुख हस्तियों को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपने के साथ ही प्रदेश सचिव और दो जिलों के जिलाध्यक्षों की भी घोषणा की है। नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की कवायद तेज होने की उम्मीद है।
प्रदेश अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, कानपुर नगर के रोशन नगर निवासी मशहूर शायर हाजी अली मोहम्मद उर्फ ‘दागनियाजी’ तथा हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता सैयद मोहम्मद अयाज अली को प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
वहीं, कानपुर के तलाक महल निवासी मोहम्मद सलीम को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा उबैद अहमद को संभल और शफीकुर्रहमान चौधरी को मुरादाबाद का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने दोनों नवनियुक्त जिलाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे जल्द से जल्द अपने-अपने जिलों में कमेटी का विस्तार करें और पदाधिकारियों की सूची तैयार कर प्रदेश कार्यालय को उपलब्ध कराएं। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन की नीतियों और उद्देश्यों के अनुरूप पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने की अपील की।
हाजी फरीद अहमद ने कहा कि प्रदेश कमेटी को मजबूत करने के साथ-साथ जिला स्तर पर संगठन का विस्तार प्राथमिकता है। नए पदाधिकारियों की नियुक्ति इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई जिम्मेदारियों के साथ संगठन की गतिविधियां और अधिक प्रभावी होंगी तथा जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूती मिलेगी।
News Wani
