Breaking News

कानपुर में बेकाबू घोड़े का आतंक, महिला समेत 3 लोगों को बनाया शिकार; लोगों ने लाठी-डंडों से खदेड़ा तो गड्ढे में गिरकर मौत

कानपुर। चकेरी क्षेत्र के सनिगवां स्थित डबल स्टोरी कॉलोनी में सोमवार रात एक बेकाबू घोड़े ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया। घोड़े ने महिला समेत तीन लोगों को काटकर घायल कर दिया। हमले के दौरान महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडे लेकर घोड़े को खदेड़ने लगे। इसी दौरान भागता हुआ घोड़ा निर्माणाधीन मकान के गहरे गड्ढे में जा गिरा, जहां उसकी मौत हो गई।

घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। मंगलवार दोपहर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से मृत घोड़े को गड्ढे से बाहर निकलवाकर वहां से ले गई।

पति को खाना देकर लौट रही थी महिला

सनिगवां डबल स्टोरी कॉलोनी निवासी अहमद हुसैन की घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर चाय की दुकान है। सोमवार रात उनकी पत्नी अफसाना बेगम पति को खाना देने गई थीं। खाना देकर वह पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में घोड़े ने उनका पीछा शुरू कर दिया।

अफसाना ने बचने के लिए दौड़ने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर गईं। इसके बाद घोड़े ने उन पर हमला कर दिया। घोड़े ने उनके शरीर के कई हिस्सों में काट लिया। महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े।

दो राहगीरों को भी घोड़े ने काटा

लोग जब महिला को बचाने पहुंचे, उसी दौरान वहां से गुजर रहे बाबूलाल कन्नौजिया और रहमत अली पर भी घोड़े ने हमला कर दिया। दोनों राहगीर भी घायल हो गए। एक ही घटना में तीन लोगों के घायल होने से कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई।

लोगों ने किसी तरह लाठी-डंडों की मदद से घोड़े को वहां से भगाने की कोशिश की। घबराकर भाग रहा घोड़ा पास में निर्माणाधीन मकान के गड्ढे में गिर गया। काफी प्रयास के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका और उसकी मौत हो गई।

महिला की हालत गंभीर, हैलट किया रेफर

घायल अफसाना बेगम को उपचार के लिए कांशीराम अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हैलट पहुंचने के बाद महिला को भर्ती कराने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

वहीं बाबूलाल कन्नौजिया और रहमत अली की हालत सामान्य बताई गई। उपचार के बाद दोनों के परिजन उन्हें घर ले गए।

नगर निगम ने हटाया मृत घोड़ा

घटना की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार दोपहर करीब 1:10 बजे नगर निगम की टीम कॉलोनी पहुंची। टीम ने जेसीबी की सहायता से गड्ढे में पड़े मृत घोड़े को बाहर निकलवाया और उसे वहां से हटाया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

About NW-Editor

Check Also

कानपुर में गणपति बप्पा का दिखा नया शाही अंदाज, पगड़ी वाली प्रतिमाओं ने खींचा श्रद्धालुओं का ध्यान

कानपुर। गणेश चतुर्थी के अवसर पर शहर में गणपति बप्पा के स्वागत की तैयारियां जोर-शोर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *