Breaking News

शादी के दबाव के बीच युवक ने की आत्महत्या, प्रेमिका और उसकी मां पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप

लखनऊ/दुबग्गा। बेगरिया गांव में प्रेम संबंध और शादी के कथित दबाव के बीच एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतक के पिता ने युवक की प्रेमिका, उसकी मां और कुछ अन्य लोगों पर बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मोहन विहार कॉलोनी निवासी अम्बरीश गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बेटे निखिल गुप्ता का पिछले करीब सात-आठ महीने से दुलारमऊ, मलिहाबाद निवासी आरजू के साथ प्रेम संबंध था। पिता के मुताबिक, 8 सितंबर की सुबह निखिल ने उन्हें अपने रिश्ते के बारे में जानकारी दी थी। उसने पिता से आरजू के परिवार से जल्द बातचीत करने की बात कही थी। इस दौरान वह काफी परेशान भी नजर आ रहा था।

वीडियो कॉल के दौरान शादी को लेकर दबाव का आरोप

परिजनों का आरोप है कि उसी दिन निखिल और आरजू के बीच वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी। इसी दौरान कथित तौर पर निखिल पर शादी को लेकर दबाव बनाया गया। आरोप है कि इसके बाद निखिल मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया।

शाम करीब पांच बजे बेगरिया स्थित घर में निखिल ने फंदे से लटककर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पिता ने प्रेमिका और उसकी मां को बताया जिम्मेदार

मृतक के पिता अम्बरीश गुप्ता ने अपनी शिकायत में आरजू, उसकी मां नगमा और कुछ अन्य लोगों पर बेटे को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पिता का कहना है कि घटना के बाद परिवार सदमे में था, जिसके कारण तत्काल शिकायत नहीं की जा सकी। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया और अंतिम संस्कार के बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।

मोबाइल और वीडियो कॉल की जांच करेगी पुलिस

पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान निखिल के मोबाइल फोन, वीडियो कॉल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आत्महत्या से पहले युवक की किन लोगों से बातचीत हुई थी और उस पर किसी तरह का दबाव बनाया गया था या नहीं।

प्रभारी निरीक्षक श्रीकांत राय के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About NW-Editor

Check Also

शुभांशु शुक्ला बोले- जेन-जी और जेन-अल्फा पीढ़ी बेहद प्रतिभाशाली, बस सही दिशा की जरूरत

लखनऊ। अंतरिक्ष की यात्रा कर चुके भारतीय एस्ट्रोनॉट और एयरफोर्स के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *