Breaking News

10वीं मंजिल से छलांग लगाने वाली नवविवाहिता पेड़ पर अटकी, डाल पैर में घुसी; फायर ब्रिगेड ने 20 फीट ऊपर से किया रेस्क्यू

मुंबई। मुंबई में बुधवार सुबह एक नवविवाहिता ने 10वीं मंजिल से छलांग लगा दी। जमीन पर गिरने से पहले वह बिल्डिंग के नीचे लगे पेड़ में फंस गई, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, पेड़ की मोटी डाल उसके पैर में घुस गई और वह करीब 20 फीट की ऊंचाई पर हवा में लटकी रह गई। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा।

घटना तुलशेतपाड़ा स्थित सनशाइन को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी में सुबह करीब 9:30 बजे हुई। 26 वर्षीय महिला की शादी करीब चार महीने पहले हुई थी। उसने बिल्डिंग की खिड़की से छलांग लगाई थी। गिरने के दौरान वह पास के पेड़ पर जा गिरी और उसकी जान बच गई।

जांघ में घुस गई पेड़ की मोटी डाल

गिरने के दौरान करीब 50-60 मिलीमीटर मोटी पेड़ की डाल महिला की जांघ में घुस गई। इसके चलते वह पेड़ पर करीब 20 फीट की ऊंचाई पर फंस गई। घटना की जानकारी मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

रेस्क्यू टीम ने एंगस लैडर की मदद से महिला तक पहुंच बनाई। इसके बाद इलेक्ट्रिक आरी से पेड़ की डाल को काटा गया। महिला को सुरक्षित निकालने के लिए रस्सियों और स्ट्रेचर का सहारा लिया गया। काफी सावधानी से उसे नीचे उतारने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया।

सर्जरी के लिए सायन अस्पताल रेफर

रेस्क्यू के बाद महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उसके बाएं पैर में गंभीर चोट आई है और सर्जरी की जरूरत बताई गई, जिसके बाद उसे एलटीएमजी सायन अस्पताल रेफर किया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

महिला ने 10वीं मंजिल से छलांग लगाने का कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

About NW-Editor

Check Also

iPhone की EMI को लेकर विवाद के बाद पहाड़ पर पहुंचा युवक, बेटे को बचाने में पिता की भी गई जान; 300 फीट ऊंची पहाड़ी से मां ने भी लगाई छलांग

छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में iPhone की EMI को लेकर हुआ पारिवारिक विवाद …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *