*के. रविदादा | मुंबई*
मुंबई। महानगर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 800.90 ग्राम हेरोइन जब्त की है। बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 40 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब पुलिस इस कथित तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, मालवणी पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले की जांच के दौरान पुलिस को नशीले पदार्थों की सप्लाई से जुड़े अहम सुराग मिले। इन सुरागों के आधार पर पुलिस ने पहले दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के बाद पुलिस टीम ने जुहू इलाके में छापेमारी कर दो अन्य आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया।
पुलिस की अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 800.90 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 2.40 करोड़ रुपये आंकी गई है। चारों आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
उत्तराखंड तक जुड़े तस्करी नेटवर्क के तार
जांच में सामने आया है कि इस कथित तस्करी नेटवर्क के तार उत्तराखंड के सिकरोड़ा गांव तक जुड़े हो सकते हैं। पुलिस को वहां के एक संदिग्ध मुख्य सप्लायर की तलाश है। इसके अलावा हेरोइन की आपूर्ति के स्रोत और मुंबई सहित आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मुंबई पुलिस मादक पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। मालवणी पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी नेटवर्क की अन्य कड़ियों का पता लगाने में जुटी है।
News Wani
