Breaking News

आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, बस-ऑटो की भिड़ंत में 7 लोगो की हुई मौत; 6 घायल

पलनाडु। आंध्र प्रदेश के पलनाडु जिले में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। घायलों में चार बच्चे बताए जा रहे हैं। हादसा चिलकलूरिपेट मंडल के अड्डा रोड के पास कला मंदिर जंक्शन पर रात करीब 1 बजे हुआ।

जानकारी के मुताबिक, एक ऑटो-रिक्शा में करीब 15 यात्री सवार थे। सभी लोग कोंडा मंजुरु से वेल्लोर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान विजयवाड़ा से तिरुपति जा रही बस की ऑटो-रिक्शा से जोरदार टक्कर हो गई।

पुलिस के अनुसार, ऑटो-रिक्शा सड़क पर गलत दिशा में मुड़कर बस के सामने आ गया था। उस समय बस करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

चार लोगों की मौके पर मौत

नरसारावपेट के डीएसपी एम. हनुमंत राव ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

बताया गया कि तिरुपति जा रही बस चिलकलूरिपेट के पास बाईपास पर एक यात्री को लेने के लिए रुकी थी। यात्री को लेने के बाद बस नरसारावपेट बस स्टैंड की ओर रवाना हुई थी। इसी दौरान कला मंदिर जंक्शन के पास बस और ऑटो-रिक्शा की टक्कर हो गई।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस हादसे की वजह और ऑटो चालक की भूमिका समेत पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में ऑटो के गलत दिशा में मुड़ने को हादसे की प्रमुख वजह बताया जा रहा है।

About NW-Editor

Check Also

“तिरुपति लड्डू को लेकर बड़ा विवाद: चंद्रबाबू नायडू के दावे से सियासत और जांच की मांग तेज”

आंध्र प्रदेश की राजनीति में तिरुपति लड्डू विवाद ने नया मोड़ ले लिया है. मुख्यमंत्री …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *