Breaking News

थाना समाधान दिवस में अधिकारियों ने सुनीं फरियादें, 29 शिकायतों का हुआ त्वरित निस्तारण

फतेहपुर। थाना समाधान दिवस पर शनिवार को जिले के थानों में फरियादियों की समस्याएं सुनने के लिए अधिकारी मुस्तैद रहे। थाना मलवां में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने खुद मोर्चा संभालते हुए फरियादियों की शिकायतें सुनीं। दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के सख्त निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि थाना समाधान दिवस में आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए। फरियादी अपनी समस्या लेकर अधिकारियों के पास उम्मीद से आता है, इसलिए उसे समाधान के लिए बार-बार भटकना न पड़े। शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने विशेष रूप से राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जिन मामलों में दोनों विभागों की आवश्यकता है, वहां संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर जांच करे और वास्तविक स्थिति के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करे।

डीएम ने अधिकारियों को आगाह किया कि छोटे विवादों को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। समय रहते छोटे-छोटे विवादों का समाधान न होने पर यही मामले आगे चलकर बड़े विवाद का रूप ले सकते हैं। इसलिए प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए उसका निस्तारण किया जाए।

वहीं, एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की बात पूरी गंभीरता से सुनी जाए। शिकायतों की जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यपरक तरीके से करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि शिकायतकर्ता निस्तारण से संतुष्ट हो सके। उन्होंने किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

थाना समाधान दिवस में जिलेभर से कुल 133 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें 96 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे, जबकि 37 शिकायतें पुलिस विभाग से जुड़ी थीं। राजस्व टीम के साथ 10 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण कराया गया। वहीं पुलिस विभाग से संबंधित 19 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया जा चुका है। शेष शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया जारी है।

About NW-Editor

Check Also

कृषि फीडर बना परेशानी का सबब, रात में अंधेरे में रहने को मजबूर घरेलू उपभोक्ता

फतेहपुर। मोहम्मदपुर गौंती के मजरे नयापुरवा गांव के लोग तथा इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप प्रेमनगर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *