प्रयागराज। अपना दल (कमेरावादी) की विधायक पल्लवी पटेल शुक्रवार को प्रयागराज के हटवा गांव पहुंचीं, जहां उन्होंने अतीक अहमद के बेटे अहजम और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अबान की मौत पर परिवार को सांत्वना दी और दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े होने की बात कही।
पल्लवी पटेल ने कहा कि परिवार में बड़ी गमी हुई है और ऐसे समय में उनसे मिलने को राजनीति के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि उनके पिता सोनेलाल पटेल और अतीक अहमद के बीच पुराने राजनीतिक संबंध रहे थे। उनके मुताबिक, जब उनके पिता एक कार्यक्रम के दौरान घायल हुए थे, तब अतीक अहमद ने उनकी मदद की थी और अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया था।
मुलाकात के दौरान पल्लवी पटेल ने अहजम से जेल में बंद उमर और अली के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने दोनों के मुकदमों की मौजूदा स्थिति के बारे में पूछा। इसके अलावा अबान के अंतिम संस्कार में शामिल हुए लोगों और परिवार की स्थिति को लेकर भी बातचीत की।
पल्लवी ने अतीक की बहन परवीन कुरैशी और अशरफ के बच्चों से भी मुलाकात की। करीब दो घंटे से अधिक समय तक परिवार के बीच रहने के बाद वह वहां से रवाना हुईं।
इस मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद राजनीतिक चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। हालांकि पल्लवी पटेल ने साफ कहा कि वह किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि परिवार के दुख में शामिल होने के लिए वहां पहुंची थीं।
गौरतलब है कि अतीक अहमद के बेटे अबान की 6 अगस्त को सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद 8 अगस्त को प्रयागराज में उसे अतीक की कब्र के पास दफनाया गया था। अबान के अंतिम संस्कार में उसके भाई अली, उमर और अहजम भी शामिल हुए थे।
News Wani
