फतेहपुर। भारतीय दोसर वैश्य महासभा की ओर से पार्षद चौक मूर्ति स्थल पर झंडा गीत रचयिता पद्मश्री स्वर्गीय श्यामलाल गुप्त की 49वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए और उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाध्यक्ष नारायण बाबू गुप्ता ने पार्षद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलित कर समाज के लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित की।
जिलाध्यक्ष नारायण बाबू गुप्ता ने पार्षद जी के जीवन दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता ने भी उनके जीवन संघर्ष और विचारों को याद करते हुए समाज के लोगों से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
वरिष्ठ संरक्षक राम विशाल गुप्ता ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पार्षद जी 19 वर्षों तक कांग्रेस कमेटी के लगातार अध्यक्ष रहे। उन्होंने जेल यात्राएं कीं और करीब 10 वर्षों तक फरारी में रहते हुए स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई।
उन्होंने बताया कि जिला जेल फतेहपुर की बैरक नंबर नौ में रहते हुए पार्षद जी ने स्वतंत्रता आंदोलन के प्रति लोगों में उत्साह भरने के लिए प्रसिद्ध झंडा गीत की रचना की थी। उनके योगदान और देशभक्ति को आज भी सम्मान के साथ याद किया जाता है।
इस अवसर पर सुनीता गुप्ता, सुनील गुप्ता, शैलेंद्र शरण सिंघल, संजय गुप्ता, वेदजी, जगदीश गुप्ता, रामविशाल, मनीष गुप्ता, अजय कुमार साहू, आनंद गुप्ता, अरुण जायसवाल, सभासद विनय तिवारी, बृजेश सोनी, दिलीप गुप्ता, सौरभ गुप्ता, राम प्रकाश गुप्ता, सोनू गुप्ता, दुर्गेश गुप्ता, अरुण गुप्ता, अमित गुप्ता, सुशील गुप्ता, हरिओम और मनोज गुप्ता सहित समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।
News Wani
