Breaking News

ईंट भट्ठे और जमीन के कारोबार में करोड़ों की रकम लेने का आरोप, कारोबारी ने मांगी जांच

फतेहपुर। कानपुर जनपद के मालवीय नगर निवासी कारोबारी प्रतीक मालवीय ने फतेहपुर जिले की भाजपा जिला उपाध्यक्ष रेखा मिश्रा के पति एवं भाजपा नेता अवधेश मिश्रा समेत उनके परिवार के अन्य सदस्यों पर ईंट भट्ठे के कारोबार में हिस्सेदारी दिलाने और जमीन के कारोबार में साझेदार बनाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। कारोबारी ने मामले की जानकारी देते हुए सरकार और जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।

प्रतीक मालवीय के अनुसार, अवधेश मिश्रा ने स्वयं को भाजपा का बड़ा नेता और कारोबारी बताते हुए जमीन की खरीद-फरोख्त तथा ईंट भट्ठे के कारोबार में हिस्सेदारी दिलाने का प्रस्ताव दिया था। इस संबंध में उनके बीच एक एग्रीमेंट भी हुआ था। आरोप है कि कारोबार में निवेश के नाम पर अवधेश मिश्रा, उनकी पत्नी रेखा मिश्रा, बेटी सौम्या मिश्रा समेत परिवार के अन्य सदस्यों के खातों में नकद और ऑनलाइन माध्यम से रकम ली गई।

कारोबारी का दावा है कि अलग-अलग माध्यमों से करीब 96 लाख 97 हजार रुपये और 61 लाख 60 हजार रुपये ऑनलाइन लिए गए। इसके अलावा ईंट भट्ठे के संचालन के लिए अलग-अलग लोगों के खातों में करीब 75 लाख रुपये भी भेजे गए। कारोबारी का आरोप है कि पहले किए गए एग्रीमेंट की शर्तों के अनुसार अवधेश मिश्रा किसी अन्य व्यक्ति को साझेदार नहीं बना सकते थे।

प्रतीक मालवीय का कहना है कि जब उन्हें इस संबंध में जानकारी हुई और उन्होंने इसका विरोध किया तो कथित तौर पर आरोपित पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी भी दी।

कारोबारी ने आरोप लगाया कि अवधेश मिश्रा और उनके परिजनों ने मिलकर एक गिरोह बनाया और कथित रूप से कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से अवैध संपत्ति अर्जित की। उन्होंने अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया है।

प्रतीक मालवीय ने यह भी दावा किया कि आरोपितों के खिलाफ पूर्व में फतेहपुर और कानपुर जनपद में भी मामले दर्ज हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

कारोबारी ने सरकार और जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और उनकी रकम वापस दिलाने की मांग की है। मामले में दूसरे पक्ष का बयान सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

About NW-Editor

Check Also

लद्दाख की मांगों पर फिर गरमाया माहौल, सोनम वांगचुक ने आंदोलन की दी चेतावनी

नई दिल्ली। लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने केंद्र सरकार के साथ हुई बातचीत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *