फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के अरबपुर निवासी परवीन बानो पत्नी बाबू खां ने खेत में कुत्ते से हमला कराने, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। पीड़िता की शिकायत पर एसपी ने मामले में एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पीड़िता ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 10 अगस्त की सुबह करीब आठ बजे वह अपने छोटे बेटे अयान के साथ खेत गई थी। आरोप है कि इसी दौरान लल्लू पुत्र रसूल निवासी अरबपुर अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और खेत से अपने कुत्ते को भगाने लगा।
पीड़िता के मुताबिक, जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद जब वह वहां से जाने लगी तो आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे घेर लिया और जमीन पर गिरा दिया। आरोप है कि इसके बाद कुत्ते को बुलाकर जान से मारने की नीयत से उस पर हमला करा दिया गया। कुत्ते के हमले में महिला के शरीर पर कई जगह चोटें आईं।
शोर सुनकर पीड़िता के बेटे अयान ने राहगीरों से मदद की गुहार लगाई। इसके बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने कुत्ते को वहां से भगाया। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से चला गया और जाते समय दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
महिला ने आरोपी पर आपराधिक प्रवृत्ति का होने और उसके खिलाफ पहले भी मुकदमे दर्ज होने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। आदेश के बाद सदर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
