फतेहपुर। जामिया इस्लामिया मदीनतुल उलूम नगांव में सोमवार को आशिक-ए-रसूल, इमाम-ए-अहले सुन्नत आला हजरत इमाम अहमद रजा खां बरेलवी रहमतुल्लाहि अलैह का 108वां उर्स-ए-आला हजरत अकीदत, सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जामिया के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
छात्र-छात्राओं के बीच नात, तकरीर, किरात एवं नातिया मुकाबलों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में करीब 55 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने अपनी मधुर नातख्वानी, प्रभावशाली तकरीर, खूबसूरत किरात और शानदार नातिया प्रस्तुति से मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान पूरा माहौल धार्मिक एवं आध्यात्मिक रंग में सराबोर नजर आया।
तकरीरी मुकाबले में अब्दुल वकील सीतापुर और नूर सबा नगांव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नात प्रतियोगिता में मोहम्मद अशहर हथगाम और सादिया बानो नगांव प्रथम रहे। किरात प्रतियोगिता में अदनान अहमद कौशांबी ने बाजी मारी, जबकि नातिया मुकाबले में मोहम्मद अब्बास उरई ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में मौलाना गुफरान अहमद मिस्बाही ने आला हजरत की धार्मिक, सामाजिक एवं विद्वतापूर्ण सेवाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को आला हजरत की शिक्षाओं और उनके धार्मिक योगदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
इस अवसर पर काजी-ए-शहर मुफ्ती शहाबुद्दीन, हजरत मौलाना शमीम अहमद, प्रबंधक इदारा हाजा, मौलाना करामत अली मिस्बाही, मौलाना मोहम्मद अब्दुलहय्य, मौलाना मोहम्मद अराफात, हाफिज अब्दुल कय्यूम, नसीमुन मैडम, सना मैम, मौलवी रियाज, अबरार अहमद, मोमिनुल हुदा और मोहम्मद इसराफिल सहित अनेक उलेमा-ए-किराम, शिक्षकगण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों की ओर से सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
News Wani
