*महोबा*। मनरेगा एवं विकसित भारत गारंटी और रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत कार्यरत तकनीकी सहायकों ने मानदेय बढ़ाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री और मुख्य विकास अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निराकरण की मांग की है। तकनीकी सहायकों ने मांगें पूरी न होने पर प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
पांच वर्षों से मानदेय में बढ़ोतरी नहीं
तकनीकी सहायकों का कहना है कि पिछले पांच वर्षों से महंगाई में लगातार वृद्धि होने के बावजूद उनके मानदेय में बढ़ोतरी नहीं की गई है। संगठन की ओर से शासन और ग्राम्य विकास विभाग को कई बार मांगों से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका।
गांवों में करना पड़ता है नियमित निरीक्षण
तकनीकी सहायकों ने बताया कि उनका कार्य केवल प्राक्कलन तैयार करने तक सीमित नहीं है। ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों का प्रतिदिन पर्यवेक्षण भी करना पड़ता है। इसके लिए लगातार क्षेत्र में भ्रमण करना होता है। तकनीकी सहायकों के अनुसार, पेट्रोल पर औसतन करीब छह हजार रुपये प्रतिमाह खर्च हो जाता है।
मनरेगा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
तकनीकी सहायकों ने कहा कि मनरेगा एवं ग्रामीण रोजगार से जुड़ी योजनाओं के संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। योजनाओं के माध्यम से कुशल और अकुशल श्रमिकों को रोजगार मिलता है। साथ ही गांवों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण होने से ग्रामीणों को लाभ मिलता है और विकास कार्यों को गति मिलती है।
45 हजार रुपये मानदेय की मांग
तकनीकी सहायकों ने जूनियर इंजीनियर के न्यूनतम वेतनमान के आधार पर 45 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय देने तथा इसके अतिरिक्त यात्रा भत्ता उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में नियमित भ्रमण के कारण होने वाले खर्च को देखते हुए यात्रा भत्ता भी आवश्यक है।
28 सितंबर से लखनऊ में धरने की चेतावनी
संगठन ने मांगों के निराकरण के लिए 26 सितंबर 2026 तक का समय दिया है। मांगों का निस्तारण नहीं होने पर प्रदेश के तकनीकी सहायक 28 सितंबर से लखनऊ स्थित ईको गार्डन में संगठन के आह्वान पर धरना-प्रदर्शन करने की बात कही है।
इन तकनीकी सहायकों के नाम शामिल
ज्ञापन में रवि कुमार त्रिपाठी, बाबूलाल टीए, महेश्वरी प्रसाद टीए, प्रवीण कुमार गुप्ता, राजेश नामदेव, अखिलेश रविंद्र पटैरिया, सूरज सिंह, केशव बाबू, बृज बिहारी, बृजेंद्र मिश्रा, नारायण दास और देवेश के नाम शामिल हैं।
News Wani
