Breaking News

दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप, महिला ने पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार, पति समेत ससुराल पक्ष पर मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और जान से मारने की कोशिश के आरोप

*महोबा* चरखारी। तहसील क्षेत्र के ग्राम ऐंचाना निवासी एक महिला ने अपने पति व ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाते हुए महिला थाने में शिकायत दी है। महिला ने पुलिस से तत्काल सुनवाई कर स्वयं और अपनी छह वर्षीय बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

शिकायत में महिला ने बताया कि उसका विवाह वर्ष 2019 में सुरेश कुमार निवासी ग्राम ऐंचाना के साथ हुआ था। उसके पिता ने शादी में करीब छह लाख रुपये नकद, मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान दिया था। महिला का आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा लगातार उसका उत्पीड़न किया जाता रहा।

शिकायत के अनुसार, पति सुरेश कुमार दिल्ली में रहता है और महिला तथा उसकी छह वर्षीय बेटी के भरण-पोषण की जिम्मेदारी नहीं उठाता। महिला ने अपने ससुर रामप्रसाद उर्फ चुन्नू, सास सीता देवी सहित अन्य ससुरालियों पर मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि करीब एक वर्ष पूर्व उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर जान से मारने की कोशिश भी की गई।

महिला ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि उसके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है और बेटी पैदा होने को लेकर ताने दिए जाते हैं। उसने बताया कि उसकी एक बेटी की पहले मृत्यु भी हो चुकी है। महिला के मुताबिक वह अपनी बेटी के पालन-पोषण के लिए सिलाई का काम करती थी, लेकिन उसकी सिलाई मशीन भी ससुराल पक्ष ने फेंक दी, जिसका वीडियो उसके पास होने की बात उसने शिकायत में कही है।

महिला ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपों के आधार पर कानूनी कार्रवाई करने, उसे और उसकी बेटी को सुरक्षा देने तथा पति से नियमानुसार भरण-पोषण दिलाए जाने की मांग की है। शिकायत 22 सितंबर 2026 को दी गई है।

About NW-Editor

Check Also

महोबा में तकनीकी सहायकों का मानदेय बढ़ाने की मांग, 28 सितंबर से लखनऊ में धरने की चेतावनी

  *महोबा*। मनरेगा एवं विकसित भारत गारंटी और रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *