फतेहपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा से देश सेवा’ के अंतर्गत जिला सूचना विभाग, फतेहपुर की ओर से सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षागृह में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं, परियोजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी लगाई गई है। गुरुवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम एवं स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रशिक्षु खिलाड़ियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि सूचना विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में रोजगार, आवास, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, कृषि, कौशल विकास, स्वरोजगार, एमएसएमई, पर्यटन एवं सांस्कृतिक विरासत सहित विभिन्न क्षेत्रों की योजनाओं और उपलब्धियों को आकर्षक चित्रों एवं फ्लेक्स के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी का उद्देश्य शासन की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के साथ पात्र लोगों को उनका लाभ प्राप्त करने के लिए जागरूक करना है।
प्रदर्शनी में एयरपोर्ट के विस्तार, पांच इंटरनेशनल एयरपोर्ट, युवाओं के लिए रोजगार एवं सरकारी नौकरियों, कानून-व्यवस्था, एमएसएमई इकाइयों के विस्तार, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई है।
सूचना विभाग ने प्रदर्शनी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लेकर कृषि क्षेत्र तक की विभिन्न उपलब्धियों को भी स्थान दिया है। गन्ना, चीनी, एथेनॉल, आम, दूध, आलू, मटर, गेहूं और शहद सहित कृषि उत्पादों के उत्पादन से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित की गई है। किसानों के लिए ड्रोन के उपयोग पर अनुदान, प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत सोलर पंप, कृषि यंत्र, मंडियों के आधुनिकीकरण तथा ई-श्रम और ई-नाम जैसी डिजिटल सुविधाओं की जानकारी भी दी गई है।
महिला सशक्तिकरण से संबंधित हिस्से में वन स्टॉप सेंटर, निराश्रित महिला पेंशन, महिला श्रम बल भागीदारी और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना को प्रमुखता से दर्शाया गया है। स्वास्थ्य सखियों, ओडीओपी के माध्यम से विपणन सहायता, कॉमन फैसिलिटी सेंटर तथा स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों और उपलब्धियों को भी चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
काशी, अयोध्या और प्रयागराज सहित प्रदेश के प्रमुख धार्मिक, पर्यटन एवं विरासत स्थलों तथा सांस्कृतिक आयोजनों को भी प्रदर्शनी में स्थान मिला है। इसके अलावा स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय निर्माण, निःशुल्क इलाज, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, डीबीटी के माध्यम से अनुदान भुगतान तथा कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की गई हैं।
जिला सूचना अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे सूचना विभाग द्वारा लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का अधिक से अधिक संख्या में अवलोकन करें और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा की भावना को मजबूत करने तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए जागरूकता का प्रयास किया जा रहा है।
News Wani
