Breaking News

हथगांव में गौकशी गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, मुठभेड़ में दो शातिर घायल होकर गिरफ्तार

– 18 जुलाई को अमिलिहा पाल के पास मिले थे गोवंश के अवशेष
– तमंचे, चापड़, चोरी की बाइक समेत गौकशी का सामान बरामद
-घटनास्थल का निरीक्षण करते सीओ।
फतेहपुर। हथगांव क्षेत्र में हुई चर्चित गौकशी की घटना का पुलिस ने गुरुवार सुबह बड़ा खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से बचकर भागने की कोशिश में दोनों बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी। घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस अब इस पूरे गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि 18 जुलाई को थाना हथगांव क्षेत्र के अमिलिहा पाल के पास नहर किनारे गोवंश के कटे हुए अवशेष मिलने पर गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मिले सुराग और मुखबिर की सूचना पर गुरुवार सुबह पुलिस टीम ने आंबापुर मोड़ पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बाइक से आ रहे दो संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। आदर्श पब्लिक स्कूल के आगे कच्चे रास्ते में पानी भरे गड्ढे के कारण उनकी बाइक गिर गई। खुद को घिरता देख दोनों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में शमीम के बाएं पैर तथा आफताब आलम के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को दबोच लिया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने साथी चिम्मन उर्फ नसीम और इमरान के साथ मिलकर गौकशी करते थे। उन्होंने बताया कि 17-18 जुलाई की रात अमिलिहा पाल मार्ग के पास दो गाय और एक बछड़ा काटा था। पुलिस से बचने के लिए वे अवैध तमंचे रखते थे तथा गौकशी और मांस ढोने के लिए चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, तीन लोहे के चापड़, लकड़ी का ठीहा, दो प्लास्टिक तिरपाल, जूट का बोरा तथा बिना नंबर की चोरी की पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है। जांच में सामने आया कि दोनों के खिलाफ पहले से भी गौकशी समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को उपचार के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गौकशी गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनके विरुद्ध भी जल्द कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले में गौकशी और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मुठभेड़ करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अरुण चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक उत्कर्ष मिश्रा, अखिलेश यादव, आलोक कुमार, हेड कांस्टेबल राजेश सिंह, कांस्टेबल रणबीर सिंह, रोहित कुमार, विजय कुमार, विपिन कुमार, चालक विनय कुमार, आरक्षी मो. राहिल, सियाम मौर्य, पवन यादव, गौतम विश्वकर्मा, विमल यादव, अभिषेक यादव, महिला कांस्टेबल अंजनी एवं रश्मि वर्मा शामिल रहीं।

About NW-Editor

Check Also

25 जुलाई को फतेहपुर आएंगे सीएम योगी, 700 करोड़ की विकास सौगात के साथ मदारीपुर कला मैदान तैयार

– योगी सात सौ करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात, डीएम-एसपी ने संभाली कमान -सीएम …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *