फतेहपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आठ ब्लॉकों के अंतिम बार निर्वाचित पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पांच ब्लॉकों में चुनाव कराने के लिए संयोजक भी नियुक्त कर दिए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द ही चुनाव की तिथियां घोषित कर दी जाएंगी।
रविवार को शहर के शादीपुर स्थित एक रेस्टोरेंट में प्राथमिक शिक्षक संघ के संयोजक मंडल की ओर से आठ ब्लॉकों के अंतिम बार निर्वाचित पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई। बैठक में प्रदेश नेतृत्व द्वारा लिए गए निर्णय की सराहना की गई।
संयोजक मंडल के अलावा संगठन के साथियों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि अपने-अपने ब्लॉकों से सदस्यता लेकर सूची प्रस्तुत की जाए, ताकि जल्द से जल्द ब्लॉकों में चुनाव की प्रक्रिया कराई जा सके।
शेष पांच ब्लॉकों में चुनावी गतिविधियों को पूरा कराने के लिए संयोजक नियुक्त किए गए हैं। इनमें तेलियानी के संयोजक प्रणवीर सिंह, बहुआ के संयोजक देवशरण शुक्ला, धाता के संयोजक संजय सिंह, हथगाम के संयोजक राजीव कुमार और विजयीपुर के संयोजक सुभाष मौर्य शामिल हैं।
सभी संयोजकों और पदाधिकारियों ने शीघ्र सदस्यता अभियान पूरा कर सदस्यता सूची प्रस्तुत करने तथा इसके बाद संबंधित ब्लॉकों में चुनाव की तिथियां घोषित कराने का संकल्प लिया।
बैठक में यह भी प्रस्ताव पारित किया गया कि संबंधित विकासखंड में चुनाव संचालन की जिम्मेदारी संभालने वाले अध्यक्ष, मंत्री और संयोजक से सदस्यता लेकर कोई भी शिक्षक ब्लॉक चुनाव में भाग ले सकता है। किसी भी शिक्षक को सदस्यता लेने से वंचित नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला संयोजक शैलेन्द्र सिंह भदौरिया, सह संयोजक अनुराग कुमार मिश्रा, आशीष यादव, बलराम सिंह, दिग्विजय सिंह सहित सभी ब्लॉकों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
News Wani
