Breaking News

फ्लाईदुबई फ्लाइट में को-पायलट के इतिहास पर उठे सवाल, पहले भी सामने आई थी कट्टरपंथी गतिविधि

वॉशिंगटन डीसी। फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर हुए हमले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, आरोपी को-पायलट हमाम अल-हमामी के पुराने रिकॉर्ड को लेकर गंभीर सवाल सामने आ रहे हैं। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि हमामी पहले से ही परेशानी का कारण बन चुका था। इसके बावजूद उसे यात्री विमान उड़ाने की जिम्मेदारी कैसे मिली, इसकी जांच की जा रही है।

हमामी पर 30 सितंबर को फ्लाइट के कॉकपिट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला करने और विमान को क्रैश कराने की कोशिश का आरोप है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां उसके पुराने रिकॉर्ड, प्रशिक्षण और एयरलाइन में नियुक्ति से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही हैं।

ओमान में भी सामने आई थी चिंता

रिपोर्ट के मुताबिक, हमामी की ऑनलाइन गतिविधियों और कट्टरपंथी विचारधारा में रुचि को लेकर ओमान में पहले ही चिंता जताई गई थी। 2024 में उसे ओमान की सरकारी एयरलाइन की पायलट ट्रेनिंग से हटा दिया गया था।

इसके बावजूद बाद में उसे दूसरी जिम्मेदारी मिली और करीब आठ महीने पहले वह फ्लाईदुबई से जुड़ गया। आरोप है कि उसकी पिछली जांच से जुड़ी जानकारी दूसरी एजेंसियों या एयरलाइंस के साथ साझा नहीं की गई।

ओमान ने भी कहा है कि किसी दूसरे देश ने हमामी की बैकग्राउंड जांच से जुड़ी जानकारी औपचारिक तौर पर नहीं मांगी थी। उसका कहना है कि अगर ऐसी जानकारी मांगी जाती तो उपलब्ध रिकॉर्ड साझा किया जाता।

ईरान कनेक्शन पर अभी पुख्ता सबूत नहीं

फ्लाइट में हुई घटना के पीछे ईरान की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने कहा कि अभी तक ऐसा कोई पक्का सबूत सामने नहीं आया है, जिससे ईरान का सीधा कनेक्शन साबित हो सके। इस पहलू की जांच जारी है।

इजराइल की सुरक्षा और जांच एजेंसियां भी इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि पहले से चिंता के बावजूद हमामी को तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट के क्रू में शामिल होने की अनुमति कैसे मिली।

विमान को क्रैश कराने की कोशिश का आरोप

जांच से जुड़े दावों के मुताबिक, हमामी ने कॉकपिट में कैप्टन पर हमला करने के बाद विमान का नियंत्रण हासिल करने की कोशिश की। आरोप है कि उसने ऑटोपायलट बंद कर दिया, जिसके बाद विमान तेजी से नीचे आने लगा।

फ्लाइट में 174 लोग सवार थे। हमले के दौरान कैप्टन ने इमरजेंसी सिग्नल भेजा। यात्रियों और क्रू की मदद से आरोपी को काबू करने की कोशिश की गई। दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने भी कॉकपिट का नियंत्रण संभालकर विमान को स्थिर करने में मदद की।

ताबुक में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

घटना के बाद सऊदी अरब के एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स ने विमान को वापस मोड़ने के निर्देश दिए। इसके बाद फ्लाइट को सऊदी अरब के ताबुक में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमामी की पुरानी गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद उसे विमान उड़ाने की जिम्मेदारी कैसे मिली और क्या इस मामले में सुरक्षा प्रक्रिया में कोई गंभीर चूक हुई थी।

About NW-Editor

Check Also

भारतीय पायलट पर हमले की जांच में बड़ा खुलासा, को-पायलट हमाम अल-हमामी पर विमान क्रैश कराने की साजिश का आरोप

दुबई। इजराइल जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला करने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *