न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। बिहार के भागलपुर जिले के इस्माइलपुर हटिया गांव में दिव्यांग दंपति की हत्या और उनकी दो वर्षीय मासूम बच्ची के लापता होने का मामला लगातार गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। इस घटना को लेकर बांदा में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के दिव्यांग प्रकोष्ठ ने न्याय की मांग उठाते हुए प्रशासन के माध्यम से बिहार सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई।
जदयू दिव्यांग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बिहारी लाल अनुरागी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से बिहार के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दिव्यांग दंपति रंजन कुमार मंडल और किरण देवी की हत्या की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, घटना में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और लापता दो वर्षीय बच्ची को सुरक्षित बरामद करने की मांग की गई।
संगठन ने बच्ची की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम गठित करने और व्यापक स्तर पर अभियान चलाने की मांग भी रखी। कार्यकर्ताओं का कहना था कि दो लोगों की हत्या के साथ मासूम बच्ची का लापता होना बेहद गंभीर मामला है। ऐसे में जांच में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिलाध्यक्ष बिहारी लाल अनुरागी ने कहा कि इस मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना और मासूम बच्ची को सुरक्षित तलाशना सबसे जरूरी है। उन्होंने मांग की कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच करे और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि दिव्यांग दंपति के साथ हुई इस घटना ने समाज के सामने कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए बच्ची की बरामदगी को प्राथमिकता देनी चाहिए।
इस दौरान संतोष कुशवाहा, श्रीराम प्रजापति, जीवन वर्मा और भारत लाल कुशवाहा सहित जदयू के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
News Wani
