वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुए हमले के बाद ट्रंप ने एक इंटरव्यू में हमलावर के मैनिफेस्टो का जिक्र होने पर रिपोर्टर पर गुस्सा निकाला और आरोपों को बेबुनियाद बताया।

HighLights
- वॉशिंगटन डिनर में हथियारबंद संदिग्ध ने की फायरिंग
- ट्रंप ने इंटरव्यू में मैनिफेस्टो पर गुस्सा दिखाया
- हमलावर को ‘बीमार मानसिकता वाला’ व्यक्ति बताया
नई दिल्ली। अमेरिका के वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक संदिग्ध व्यक्ति हथियार के साथ कार्यक्रम में घुस गया। आरोपी की पहचान 31 साल के कोल टॉमस एलन के रूप में की गई। वह कैलिफोर्निया का रहने वाला है। वह कई हथियारों के साथ कार्यक्रम में घुसा और सुरक्षा को तोड़ने की कोशिश की थी।
इस दौरान उसने कई राउंड फायरिंग भी की। हालांकि, सुरक्षाबलों ने उसे बॉलरूम के पास ही काबू कर लिया, जहां कार्यक्रम चल रहा था और राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप भी मौजूद थे। वहीं, घटना के कुछ घंटे बाद ट्रंप ने CBS News की पत्रकार नोरा ओ’डॉनेल को इंटरव्यू दिया। शुरुआत में ट्रंप शांत नजर आए, लेकिन जैसे ही रिपोर्टर ने हमलावर के कथित मैनिफेस्टो का जिक्र किया।
मैनिफेस्टो का जिक्र होते ही ट्रंप का पारा चढ़ा
उनका गुस्सा फूट पड़ा, नोरा ने जैसे ही मैनिफेस्टो में लिखी बातों को पढ़ा। ट्रंप ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, उन्हें जानबूझकर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि, “उनका उन आरोपों से कोई लेना-देना नहीं है और वे पूरी तरह निर्दोष हैं।” उन्होंने आगे कहा, “मैं बलात्कारी नहीं हूं। मैंने किसी का बलात्कार नहीं किया है।”
ओ’डॉनेल ने इस दौरान बीच में टोकते हुए पूछा, “ओह, क्या आपको लगता है कि वह आपके बारे में बात कर रहा था?” लेकिन ट्रंप ने उनके सवाल को नजर अंदाज करते हुए कहा, “मैं बाल-यौन शोषण करने वाला नहीं हूं। तुम किसी बीमार मानसिकता वाले आदमी की यह बकवास पढ़ रही हो? मेरा नाम उन सब चीजों से जोड़ा गया। जिनका मुझसे कोई लेना-देना नहीं था। मुझे पूरी तरह से बेदाग साबित कर दिया गया था।”
हमलावर को बताया मानसिक रूप से बीमार
ट्रंप ने हमलावर को “कट्टरपंथी”, “ईसाई-विरोधी” और “काफी बीमार मानसिकता वाला आदमी” बताया। उन्होंने कहा कि ऐसा व्यक्ति समाज के लिए खतरनाक है। साथ ही, उन्होंने अमेरिका में बढ़ती राजनीतिक हिंसा के लिए डेमोक्रेटिक नेताओं की “हेट स्पीच” को जिम्मेदार ठहराया और इसे बेहद चिंताजनक बताया।
राष्ट्रपति ने दावा किया कि गोलीबारी के दौरान उन्हें कोई डर नहीं लगा। उन्होंने कहा कि वे स्थिति को समझना चाहते थे, इसलिए तुरंत बाहर नहीं गए। ट्रंप के मुताबिक, वे खुद देखना चाहते थे कि आखिर हो क्या रहा है और बाद में कार्यक्रम में लौटने के लिए भी तैयार थे।
News Wani
