संवाददाता: मोहम्मद कमर
लखीमपुर खीरी। विधानसभा क्षेत्र निघासन के ग्राम बथुआ के तीन युवकों की मेरठ में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही गांव के तीन युवकों की असमय मौत से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों में ब्रजमोहन पुत्र धर्मदास, अरशद पुत्र जहीर और अलमुद्दीन पुत्र मुरशद शामिल हैं, जो रोज़ी-रोटी कमाने के लिए मेरठ गए हुए थे। बताया जा रहा है कि काम के सिलसिले में बाहर गए इन युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई, जिसकी सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण भी गहरे सदमे में हैं। गांव में हर तरफ सिर्फ शोक और खामोशी का माहौल है। आज समाजवादी पार्टी के सांसद उत्कर्ष वर्मा और सपा नेता चौधरी हिमांशु पटेल ग्राम बथुआ पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। नेताओं ने इस दुखद घटना को बेहद पीड़ादायक बताते हुए कहा कि इस कठिन समय में वे पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद दिलाने के लिए प्रयास किया जाएगा और शासन-प्रशासन से भी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी। गांव के लोगों का कहना है कि एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। हर घर में दुख का माहौल है और लोग इस घटना से गहरे आहत हैं।
News Wani
