फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ बाईपास एनएच-2 पर तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार बकेवर थाना क्षेत्र के मोइनुद्दीनपुर गांव निवासी स्वर्गीय उत्तम सिंह की 45 वर्षीय पत्नी नीलम अपने 22 वर्षीय पुत्र रोहित के साथ बाइक से लौट रही थीं। इसी दौरान लखनऊ बाईपास एनएच-2 पर तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां नीलम गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही सरकारी एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल महिला तथा रोहित के शव को सदर अस्पताल पहुंचाया। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने महिला की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
सदर अस्पताल पहुंचे मृतक के पड़ोसी भाई महेंद्र ने बताया कि रोहित अपनी मां के साथ बड़े भाई मोहित पाल के लिए लड़की देखने खागा गए थे। लड़की देखने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे, तभी लखनऊ बाईपास के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
News Wani
