एटा। उत्तर प्रदेश के एटा में सगाई टूटने के बाद एक युवक ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर जान दे दी। घटना कोतवाली नगर क्षेत्र की नई बस्ती स्वर्णपुरी में शनिवार रात हुई। गोली युवक की कनपटी से लगकर सिर के आर-पार हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे तो युवक खून से लथपथ हालत में मिला। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान आदित्य के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, करीब चार महीने पहले आदित्य की कटरा मोहल्ले की एक युवती से सगाई हुई थी। दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटे थे, लेकिन बाद में किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया और रिश्ता टूट गया। परिवार का कहना है कि इसके बाद से आदित्य तनाव में रहने लगा था।
फोन पर बातचीत के बाद बढ़ी परेशानी
आदित्य के पिता करू पंडित के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6 बजे लड़की के भाई कृष्णा का फोन आया था। परिवार का कहना है कि फोन पर बातचीत के बाद आदित्य काफी परेशान दिखाई दे रहा था। रात करीब 10:30 बजे उसके कमरे से गोली चलने की आवाज आई।
परिजन जब कमरे में पहुंचे तो आदित्य गंभीर हालत में पड़ा था। पुलिस को घटनास्थल से एक तमंचा भी मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिवार ने लगाया 10 लाख रुपए मांगने का आरोप
आदित्य के बड़े भाई आलोक पांडे ने आरोप लगाया कि युवती के पिता राकेश और जीजा विमल की ओर से शादी के लिए 10 लाख रुपए की मांग की जा रही थी। परिवार का दावा है कि करीब एक लाख रुपए दिए भी जा चुके थे और बाकी रकम देने को लेकर बातचीत चल रही थी।
आलोक के मुताबिक, आदित्य और युवती करीब एक साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे। सगाई होने के बाद शादी की तैयारी चल रही थी। परिवार का आरोप है कि शनिवार को युवती के पिता और जीजा की ओर से आदित्य के मोबाइल पर लगातार फोन किए जा रहे थे। इसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान नजर आया।
कॉल रिकॉर्डिंग की भी जांच कर रही पुलिस
आदित्य की मौत से पहले की बताई जा रही एक कॉल रिकॉर्डिंग भी सामने आई है। परिवार के मुताबिक, इसमें आदित्य युवती के भाई कृष्णा से पैसों की मांग किए जाने की बात कह रहा है और युवती से बात कराने के लिए कहता सुनाई दे रहा है।
हालांकि, पुलिस ने अभी इस कॉल रिकॉर्डिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रिकॉर्डिंग वास्तविक है या नहीं और इसमें बातचीत करने वाले लोग कौन हैं। परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।
सदमे में नानी हुईं बेहोश
आदित्य की मौत की खबर मिलने के बाद उसकी 80 वर्षीय नानी रामवती सदमे में बेहोश होकर गिर गईं। परिजन उन्हें एटा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां जांच के दौरान उनके पैर में फ्रैक्चर की बात सामने आई। उनका इलाज जारी है।
आदित्य ने 12वीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद वह अपने पिता के साथ खेती में हाथ बंटाता था। परिवार में उसकी दो बहनें पूजा और जूली हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों, परिवार के आरोपों और कथित कॉल रिकॉर्डिंग समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
News Wani
