Breaking News

फातिमा सना शेख ने सलमान खान के ट्रोलिंग विरोधी रुख को सराहा, बोलीं- आपकी बात का लोगों पर पड़ता है बड़ा असर

मुंबई। एक्ट्रेस फातिमा सना शेख ने सोशल मीडिया ट्रोलिंग और बॉडी-शेमिंग के खिलाफ आवाज उठाने के लिए सलमान खान की तारीफ की है। ‘बिग बॉस 20’ के आगामी ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड के प्रोमो में फातिमा अपनी सीरीज ‘हुंकार: द रोर’ के प्रमोशन के लिए शो में पहुंचती नजर आ रही हैं।

शो के दौरान सलमान खान से बातचीत करते हुए फातिमा ने कहा कि जिस तरह उन्होंने ट्रोल्स को जवाब दिया, वह बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि जब कोई प्रभावशाली व्यक्ति किसी मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखता है तो उसका लोगों पर भी बड़ा असर पड़ता है।

प्रोमो में फातिमा सलमान से कहती हैं कि उन्होंने जिस तरह ट्रोल्स को जवाब दिया है, वह बहुत महत्वपूर्ण है। हालांकि, इस बातचीत पर सलमान का पूरा रिएक्शन प्रोमो में दिखाई नहीं दिया है।

ट्रोलिंग और बॉडी-शेमिंग पर सलमान ने जताई थी नाराजगी

पिछले सप्ताह ‘बिग बॉस 20’ में सलमान खान ने सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग, बॉडी-शेमिंग और एज-शेमिंग को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि सोशल मीडिया आज रोजगार, कंटेंट क्रिएशन और पहचान बनाने का माध्यम बन चुका है, लेकिन इसका एक नकारात्मक पहलू ऑनलाइन ट्रोलिंग भी है।

सलमान ने कहा था कि सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति को ट्रोल करने वाले लोग यह नहीं जानते कि वह व्यक्ति निजी जिंदगी में किन परिस्थितियों से गुजर रहा है। उन्होंने शरीर, वजन, उम्र, लुक्स, परिवार और निजी जिंदगी को लेकर की जाने वाली आपत्तिजनक टिप्पणियों पर भी सवाल उठाया था।

अभिनेता ने ट्रोलर्स से यह भी सोचने को कहा था कि अगर उनके परिवार के किसी सदस्य के बारे में इसी तरह की टिप्पणी की जाए तो उन्हें कैसा महसूस होगा।

फिटनेस को लेकर भी दिया था जवाब

सलमान ने अपनी उम्र और फिटनेस को लेकर सोशल मीडिया पर होने वाली टिप्पणियों का जिक्र करते हुए कहा था कि 60 साल का होना स्वाभाविक है। इसके बाद उन्होंने ‘बिग बॉस’ के मंच पर अपनी टोपी, जैकेट और टी-शर्ट उतारकर अपनी फिटनेस दिखाई थी।

सलमान ने इस दौरान किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया था। हालांकि, सोशल मीडिया पर उनके बयान को अलग-अलग चर्चाओं से जोड़कर देखा गया।

ऋचा चड्ढा भी कर चुकी हैं सलमान के रुख की तारीफ

सलमान के इस रुख की एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा ने भी तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि ट्रोलिंग के मुद्दे पर इस तरह बात करना एक सकारात्मक सोच को दिखाता है। ऋचा ने महिलाओं के शरीर और लुक्स को लेकर की जाने वाली आपत्तिजनक टिप्पणियों पर भी सवाल उठाया था।

ऋचा ने महिलाओं पर समाज और मनोरंजन जगत की ओर से बनाए जाने वाले बॉडी इमेज के दबाव पर अपनी बात रखी थी। उन्होंने पोस्टपार्टम बॉडी-शेमिंग जैसे मुद्दों पर भी सार्वजनिक रूप से चर्चा की है।

‘बिग बॉस 20’ के आगामी एपिसोड में फातिमा सना शेख के अलावा मोहम्मद जीशान अय्यूब और रघुवीर यादव भी नजर आएंगे।

About NW-Editor

Check Also

गोविंदा के साथ रूमर्ड गर्लफ्रेंड की तस्वीरों के बीच सुनीता आहूजा का बयान, बोलीं- इंसानों से अच्छे जानवर होते हैं

मुंबई। अभिनेता गोविंदा एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। गणपति …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *